धर्मपुर(सोलन)। नेशनल हाईवे पर बनी डंपिंग साइट में मलबा फेंकने से धर्मपुर के संपर्क मार्ग तबाह हो गए हैं। इसे लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने सोमवार को चक्का जाम करने की धमकी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी बारिश के कारण हुए भूस्ख्लन से अभी भी विकास खंड धर्मपुर के संपर्क मार्ग बंद पड़े हैं। जाबली पंचायत के तहत जाबली से सुजी थड़ी संपर्क मार्ग पिछले चार दिन से अवरुद्ध पड़ा है। हाईवे पर इन दिनों फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है।
भारी बारिश से फोरलेन का मलबा संपर्क मार्ग पर आ गया है जिससे संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गया है। मलबा आने से लोगों को स्कूल तक पहुंचने में मुश्किल पेश आ रही है। इस बारे में सामाजिक मंत्री डॉ. राजीव सैजल और सांसद वीरेंद्र कश्यप को पत्र भेजा गया है लेकिन अभी तक उन्होंने इस समस्या के निदान के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ रहा है। राजड़ी, शमराल, राजपुर, चमगाह, सुजी, मझेड़, मांझ, शाही, शैरला गांव के स्थानीय लोगों की आपात बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में जाबली, सुजी, थड़ी, राजपुरी सड़क पर यातायात बहाल करने और इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रामीणों ने संघर्ष समिति का गठन किया गया। इसमें सोमदत्त शर्मा को अध्यक्ष चुना गया जबकि सुरेंद्र ठाकुर को सचिव बनाया गया। वहीं बृजलाल, नंदकिशोर व धर्म सिंह को सदस्य चुना गया। एनएचएआई के नकारात्मक रवैये से आहत संघर्ष समिति ने निर्णय लिया कि सोमवार को एनएच-5 पर जाबली के समीप भाट गांव मे सुबह लगभग 11 बजे चक्का जाम किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेवारी एनएचएआई व जिला प्रशासन की होगी। हाईवे पर चक्का जाम के लिए शनिवार को उपायुक्त, उपमंडलाधिकारी सोलन और पुलिस अधीक्षक सोलन को पत्र सौंप दिया है।
उपायुक्त विनोद कुमार का कहना है कि इस बारे में एसडीएम से रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलते ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।