सोलन। शहर में वाहनों की पार्किंग के लिए लोगों को अब अपनी जेब और ढीली करनी होगी। नगर परिषद पार्किंग फीस के साथ अब जीएसटी भी वसूलेगी। इससे पार्किंग स्थलों पर गाड़ी पार्क करना और महंगा हो जाएगा। नगर परिषद सोलन की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने के लिए पहले से फिक्स दाम से अधिक शुल्क अदा करना होगा। इस संदर्भ में नगर परिषद ने प्रस्ताव पारित कर दिया है।
नगर परिषद ने यह फैसला आम सभा की बैठक में लिया था। हालांकि नगर परिषद द्वारा बढ़ाए गए दाम अभी नहीं वसूले जा रहे हैं लेकिन नई दरों पर वसूली की प्रक्रिया शीघ्र शुरू हो जाएगी। नगर परिषद द्वारा आय के स्रोतों पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का सिलसिला जारी है। पार्किंग स्थलों पर वाहन पार्क करने के लिए बढ़ाई दरों स लाखों की गाड़ियों में घूमने वाले लोगों को भले ही कोई फर्क न पड़े, लेकिन नगर परिषद की आय में इजाफा होगा। नगर परिषद द्वारा वाहन पार्क करने के लिए पहले से फिक्स शुल्क के ऊपर अब लोगों को 18 प्रतिशत जीएसटी देना होगा। इससे पहले फिक्स किए गए दाम बढ़ जाएंगे।
अब चुकाने होगा पार्किंग शुल्क
एक से दो घंटे के लिए पहले 20 रुपये लगते थे अब 24 देने होंगे। 4 घंटे के लिए 30 की जगह 36, 6 घंटे के लिए 40 की बजाय 48 रुपये, 8 घंटे के लिए 50 की बजाय 59, 10 घंटे के लिए 60 की जगह 71 रुपये, 12 घंटे के लिए 80 की जगह 95 तथा एक महीने के लिए गाड़ी खड़ी करनी हो तो 1200 की जगह पर 1416 रुपये देने होंगे।
18 प्रतिशत जीएसटी देना होगा : अध्यक्ष
सोलन नगर परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि दाम पहले से ही तय हैं। सिर्फ लोगों को अब रसीद लेने पर जीएसटी चुकाना होगा। इसकी वजह से दामों में मामूली बढ़ोत्तरी दिख रही है। उन्होंने बताया कि पहले दाम फिक्स थे अब इनमें 18 प्रतिशत जीएसटी अदा करना होगा।