अमर उजाला ब्यूरो
सोलन।
निर्मल पुरस्कार से सम्मानित शामती पंचायत में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई है। प्रदेश और केंद्र सरकार स्वच्छता अभियान पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही हैं। लेकिन इसका असर अभी तक जमीनी स्तर पर देखने को नहीं मिल रहा है। आमल यह है कि पंचायत के सड़क वाले क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इससे जहां क्षेत्र में बदबू का आलम है वहीं इससे राहगीरों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यही नहीं निर्मल पंचायत सूचना बोर्ड के साथ ही कूड़ा बिखरा हुआ है। इससे स्वच्छता अभियान की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। जहां गंदगी फैली है उसके आस-पास निजी शिक्षण संस्थानों सहित मंदिर भी है। जगह-जगह गंदगी के ढेर के कारण क्षेत्र में बीमारी फैलने का भी अंदेशा बना है। लोगों ने सड़कों के किनारे लगे कूड़े के ढेर को हटाने की मांग की है ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पड़ी।
सड़कों में बिखर रहा कूड़ा
स्थानीय निवासी अनु का कहना है कि करीब एक सप्ताह से सड़क के किनारे लगे कूड़ेदान को पंचायत या किसी अन्य विभाग द्वारा खाली नहीं किया गया है। इसके चलते लोगों को भारी पेरशानी झेलनी पड़ती है। कूड़ा बिखर कर सड़क और नाली में गिर रहा है। इससे राहगीरों को परेशानी होती है।
गंदगी से बीमारियों के फैलने का अंदेशा
स्थानीय निवासी प्रणव शर्मा ने बताया कि कूड़े के ढेर से जहां बदबू है। वहीं इससे बीमारियों के फैलने का भी अंदेशा है। यहां से रोजाना सैकड़ों लोग और वाहन गुजरते हैं। गंदगी और बदबू के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही है।
कूड़े को खा रहे जानवर
सोनू कुमार ने कहा कि कूड़े के ढेर को पशु और कुत्ते खा रहे हैं। इससे कूड़ा सड़कों पर फैला रहा है। साईं बाबा मंदिर के मुख्यद्वार के बाहर भी कूड़ा रहता है। इससे मंदिर आने वाले लोग को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पंचायत जुटा रही पैसा
शामती के प्रधान संजीव ने बताया कि सड़क के साथ सटी पंचायतें कूड़ा उठाने के लिए लोगों से पैसे को इकठ्ठा कर रही हैं। एक माह के कूड़े को ठिकाने लगाने के लिए करीब 25 हजार रुपये की जरूरत पड़ती है। सोमवार को सड़कों पर लगे कूड़ेदानों से कूड़ा उठाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोठो पंचायत सड़क पर कूड़ा फैला रही है।
शामती पंचायत का है कूड़ा : कविराज
कोठो के प्रधान कविराज ने कहा कि कूड़ा शामती पंचायत का है। उनकी पंचायत से कूड़ा बाहर नहीं फेंका जा रहा है। पंचायत प्रधान बिना किसी कारण और तथ्य जांचे बगैर उनकी पंचायत पर कूड़ा फैलाने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत में कूड़ा खुले में न फेंकने की हिदायत दी गई है।