सोलन। सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम) के तहत जिले में वर्तमान में लाभार्थियों के स्मार्ट कार्ड बनाए जा रहे हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. आरके दरोच ने बताया कि योजना के स्मार्ट कार्ड वर्तमान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सोलन के कक्ष संख्या नौ में बनाए जा रहे हैं। कहा कि योजना का लाभ उठाने के लिए लाभार्थी सर्वप्रथम वेबसाइट पर आनलाइन फार्म भर सकते हैं। इसके अलावा पास के किसी भी लोकमित्र केंद्र में जाकर फार्म भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लाभार्थी इस भरे हुए फार्म की प्रतिलिपि अपने पास रखें। प्रति कार्ड 365 रुपये फीस अदा करनी होगी।
लाभार्थी को अपना स्मार्ट कार्ड बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन के कार्यालय में भरे गए फार्म की प्रतिलिपि एवं अपने आधार कार्ड को साथ लाना होगा। लाभार्थी को अपने साथ परिवार के उन सदस्यों को भी लाना होगा, जिनके नाम स्मार्ट कार्ड में सम्मिलित करवाने हैं। वहीं योजना के तहत लाभार्थी को 365 रुपये प्रति कार्ड प्रीमियम भरना होगा। लोकमित्र केंद्र में फार्म भरने के लिए शुल्क के रूप में 10 रुपये तथा पहचान पत्र स्कैन करने के लिए शुल्क के रूप में दो रुपये लिए जाएंगे। लोकमित्र केंद्र में लाभार्थी को प्रति कार्ड कुल 377 रुपये देने होंगे।
योजना में यह मिलेगा लाभ
इस योजना के तहत लाभार्थी के परिवार के किसी भी आयु के सदस्यों को चिन्हित अस्पताल में भर्ती करने पर प्रति परिवार प्रति वर्ष अधिकतम 30,000 रुपये तक का निशुल्क उपचार मिलेगा। गंभीर बीमारियों की स्थिति में चिन्हित अस्पताल में निशुल्क उपचार के लिए एक लाख 75,000 रुपये तक मिलेंगे। कैंसर रोग के लिए यह सीमा 2,25,000 रुपये तय की गई है।