अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। देवठन के मौके पर आयोजित होने वाला दो दिवसीय बिजेश्वर महादेव और देव दयारश मेला चामत भड़ेच में 31 अक्तूबर और एक नवंबर को मनाया जाएगा। मेले में खेलकूद प्रतियोगिताएं, दंगल और सांस्कृतिक संध्याएं मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी। मेला प्रतिवर्ष की भांति मंगलवार को देवपूजन और ढोल नगाड़ों की थाप के साथ शुरू होगा। इस बार यह मेला देव दयारश मंदिर के प्रांगण में मनाया जा रहा है, जबकि इससे पहले यह मेला चामत भड़ेच स्कूल मैदान में आयोजित किया जाता था। चामत भड़ेच पंचायत के प्रधान आशा राम ने बताया कि 31 अक्तूबर को सुबह 9 बजे देवपूजन होगा। इसमें स्थानीय ग्रामीण हिस्सा लेंगे। 11 बजे से स्कूली बच्चों की मनमोहक खेलें होंगी। एक से 3 बजे तक जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता होगी। तीन बजे से वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं आरंभ होंगी। पहले दिन 4 बजे रस्साकशी प्रतियोगिता होगी। पांच बजे घड़ा फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रथम सांस्कृतिक संध्या में पर्वतीय कलामंच शिमला की ओर से 6 से 10 बजे तक लोगों का मनोरंजन किया जाएगा। मेले के दूसरे दिन पंजाब नेशनल बैंक सोलन के जिला समन्वयक डीएन परिहार मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस दिन कबड्डी प्रतियोगिता और रस्साकशी प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले भी होंगे। मुख्यातिथि विजेताओं को पारितोषिक वितरित करेंगे। कबड्डी के वरिष्ठ वर्ग में 4100 रुपये प्रथम और 3100 रुपये द्वितीय पुरस्कार दिया जाएगा। जूनियर वर्ग में विजेता को 1500 रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 1100 रुपये नकद पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। इसके बाद स्थानीय पहलवानों की दंगल प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। दूसरे दिन सांस्कृतिक संध्या में बिजेश्वर करियाला मंडल कुथड़ जोहडजी की ओर से रात्रि 8 बजे से करियाला प्रस्तुत किया जाएगा।