बददी (सोलन)। विस चुनाव में मतदान की तारीखें नजदीक आते ही चुनाव आयोग ने भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी के तहत प्रत्याशियों और उनके अधिकृत किए गए प्रतिनिधियों के साथ दून निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव पर्यवेक्षक आईएएस अधिकारी रविंद्र कुमार कौशिक ने बैठक ली। इस दौरान दून के निर्वाचन अधिकारी एवं सीईओ बीबीएनडीए भी उपस्थित रहे, जिन्होंने ईवीएम सहित चुनाव आयोग की ओर से दिए गए दिशानिर्देशों तथा जानकारियों से अवगत करवाया। पर्यवेक्षक रविंद्र कुमार कौशिक ने विभिन्न एजेंट नियुक्त करने, ईटीएस (ईवीएम ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर) द्वारा कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट की रेंडमाईजेशन करने की जानकारी के साथ मतदान केंद्रों की जानकारी और उनका आवंटन किया। उन्होंने सभी उम्मीदवारों और उनके अधिकृत प्रतिनिधियों से अह्वान किया कि वह निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए नियमों का पालन करें। इसके लिए वह बीबीएनडीए के मंझौटू स्थित विश्राम गृह में चुनाव प्रक्रिया खत्म होने तक उपलब्ध रहेंगे। निर्वाचन अधिकारी एवं सीईओ बीबीएनडीए आदित्य नेगी ने कहा कि ईवीएम की तैयारी राजकीय महाविद्यालय नालागढ़ में 31 अक्तूबर को की जाएगी, जिसके लिए सभी प्रत्याशी और उनके अधिकृत किए गए प्रतिनिधि यहां आकर ईवीएम की तैयारी का जायजा ले सकते हैं। बैठक में भाजपा प्रत्याशी की ओर से मनीष कुमार और कांग्रेस प्रत्याशी की ओर से मदन लाल चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।