अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिला सोलन में वर्ष 2019-20 के दौरान बैंकों के लिए कुल 3143 करोड़ रुपये की ऋण योजना का लक्ष्य रखा गया है। यह बात उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने अग्रणी बैंक यूको बैंक की वार्षिक ऋण योजना 2019-20 के विमोचन करने के दौरान कही।
उन्होंने बताया कि इस वित्त वर्ष के दौरान कृषि क्षेत्र में 874 करोड़ रुपये, लघु एवं सूक्ष्म उद्योग क्षेत्र में 1286 करोड़ रुपये, अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र के लिए 508 करोड़ रुपये जबकि गैर प्राथमिकता क्षेत्रों के लिए 472 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है। विभिन्न बैंकों से आग्रह किया कि कृषि क्षेत्र तथा प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों के लिए बैंक अधिक से अधिक ऋण उपलब्ध करवाएं जिससे इन क्षेत्रों का समग्र विकास हो और बैंक अपने निर्धारित लक्ष्यों को भी प्राप्त करने में सफल हों।
लक्ष्य के मुताबिक रहे ऋण
इस मौके पर उपायुक्त सोलन कहा कि जिन क्षेत्रों में पिछले वित्तीय वर्ष में अपेक्षित लक्ष्य प्राप्त नहीं हुए थे, उन्हें इस वित्तीय वर्ष में बेहतर कार्ययोजना के साथ पूरा किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि सभी बैंक वार्षिक ऋण योजना के मद्देनजर इस बात का ध्यान रखें कि कृषि क्षेत्र के अलावा अन्य सभी प्राथमिकता क्षेत्र में ऋण आवंटन लक्ष्य के मुताबिक रहे। बैंक विभिन्न ऋण मामलों की मंजूरी में अनावश्यक विलंब न करें।
स्वरोजगार के क्षेत्र को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर बैंक के अग्रणी जिला प्रबंधक जेपी नेगी ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार नाबार्ड के तैयार किए पीएलपी-2019 को आधार मानकर इस ऋण योजना को बनाया गया है और लक्ष्यों का आवंटन भी उसी को ध्यान में रखकर किया गया है। इस मौके पर डीडीएम नाबार्ड रविंद्र सिंह, यूको बैंक के मुख्य प्रबंधक कुलवंत राय, जेसीसी बैंक जिला समन्वयक प्रबंधक रामपाल, पीएनबी के जिला समन्वयक बीएन परिहार, एसबीआई जिला समन्वयक पवन सोंखला मौजूद रहे।