कांग्रेस हाईकमान पर टिकी दोनों
दिग्गजों के समर्थकों की निगाहें
दो दर्जन से अधिक कांग्रेसी नेताओं ने 35 हजार की फीस पर किया है आवेदन
कर्नल धनी राम शांडिल और विनोद सुल्तानपुरी माने जा रहे टिकट की दौड़ में आगे
राकेश शर्मा
सोलन।
शिमला संसदीय क्षेत्र से 35 हजार की फीस देकर कांग्रेस टिकट की चाह रखने वाले दो दर्जन से अधिक आवेदकों की सांसें अभी सामान्य नहीं हैं। हिमाचल में कांग्रेस के टिकट तय करने में सात से दस दिन और लग सकते हैं। इस बीच टिकट के तलबगारों की नजरें दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के कार्यालय पर लगी हैं। टिकट का एलान होने के बाद ही प्रचार जोर पकड़ेगा। पार्टी ने टिकट के लिए आवेदन मांगे थे। शिमला संसदीय क्षेत्र से 16 आवेदन प्रदेश कार्यालय पहुंचे हैं। इनमें जिन दो नामों पर सबसे ज्यादा नजर है, उनमें कर्नल धनीराम शांडिल और कसौली विधानसभा क्षेत्र से युवा चेहरा विनोद सुल्तानपुरी हैं। टिकट की दौड़ में दोनों फिलहाल अन्य से काफी आगे चल रहे हैं। पहले भी टिकट सोलन जिले में तय होते रहे हैं। ऐसे में अब दोनों के गुण व दोष पर समर्थकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। विनोद सुल्तानपुरी के पिता केडी सुल्तानपुरी लगातार पांच बार शिमला संसदीय सीट से सांसद रहे हैं। विनोद को सुल्तानपुरी नाम और युवा होने से टिकट मिलने की उम्मीद है तो कर्नल धनी राम शांडिल दो बार सांसद, मंत्री और अब सदर सीट से विधायक हैं। उनका बायोडाटा विनोद सुल्तानपुरी से ज्यादा भारी दिखता है लेकिन पार्टी ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोलेे हैं। बहरहाल, एक सप्ताह में कांग्रेस हिमाचल में टिकट का एलान कर सकती है। तब तक दौड़ में शामिल नेताओं को खूब पसीना बहाना होगा। वैसे दोनों नेता इन दिनों जिले की पगडंडियां मापने में लगे हुए हैं। जनचेतना रैली के हर मंच पर वे एक साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
--
हाईकमान जल्द लेगा फैसला : शिवदत्त
कांग्रेस के जिला महासचिव शिवदत्त ठाकुर का कहना है कि कांग्रेस हाईकमान टिकट पर मंथन कर रहा है। जल्द ही निर्णय भी आ जाएगा। हाईकमान का जो भी निर्णय होगा सभी कार्यकर्ता उसके समर्थन में एकजुट रहेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी जिले के भीतर सक्रिय रूप से काम कर रही है। टिकट की घोषणा के साथ ही प्रचार तेज हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले बड़े राज्यों में टिकट पर फैसला होगा उसके बाद हिमाचल की बारी आएगी।