बुघार कनैता में 4.50 लाख से बने आंगनबाड़ी भवन का शुभारंभ
मंत्री सैजल रहे मुख्यातिथि, जनसमस्याएं सुन अधिकारियों को निपटारे के दिए निर्देश
इससे पहले बच्चों को नहीं मिल रही थी आंगनबाड़ी केंद्र की सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी/नालागढ़ (सोलन)। ग्राम पंचायत बुघार कनैता में 4.50 लाख से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का शुभारंभ मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने रविवार को किया। इस क्षेत्र में आंगनबाड़ी भवन की कोई सुविधा नहीं थी। इसके चलते क्षेत्र के छोटे बच्चों को आगनबाड़ी सुविधा नहीं मिल रही थी। इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैज ने एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत आम का पौधा भी रोपा। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं जिसमें कुछ समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया। वहीं अन्य मांगों को पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
10 प्रतिशत आरक्षण की जानकारी दी
इस मौके पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने स्वर्ण जाति में गरीबों को दिए 10 प्रतिशत आरक्षण की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रथम अप्रैल से सामाजिक सुरक्षा पेंशन 750 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 850 रुपये कर दी है। 70 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के वरिष्ठ नागरिकों की सामाजिक सुरक्षा पैंशन 1300 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए प्रतिमाह की जाएगी।
योजनाओं को लेकर आयोजित होगी समीक्षा बैठक
मंत्री ने कहा कि शीघ्र ही दून विधानसभा क्षेत्र की पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के कार्यान्वयन के विषय में समीक्षा बैठक की जाएगी। इस मौके पर दून के विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने बुघार कनैता के मध्य पक्के पथ के निर्माण के लिए एक लाख रुपये, छटयुण गांव के मध्य पक्का रास्ता निर्मित करने के लिए एक लाख रुपये, दुर्गापुर धारड़ी से पंजौआ तक पथ निर्माण के लिए दो लाख, डीब कैंची से कलेड तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए एक लाख और महिला मंडल बुघार कनैता को सामान क्रय के लिए 50 हजार देने की घोषणा की।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर दून भाजपा मंडल के अध्यक्ष बलबीर ठाकुर, कृषि विपणन बोर्ड के सदस्य जय सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत बुघार कनैता के प्रधान हेमचंद, जय सिंह, भाजयुमो के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रवण चंदेल, बीडीसी सदस्य बीर सिंह, ग्राम पंचायत बुघार कनैता के उप प्रधान किशोरी लाल, वार्ड सदस्य दीपा शर्मा, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी वन्दना चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।