जनमंच में प्रस्तुत मांगों को 15 दिन में निपटाने के निर्देश
सोलन में जनमंच कार्यक्रम की समीक्षा बैठक, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित मामलों का 10 दिनों में हो निपटारा
आम आदमी को वास्तविक अर्थों में लाभान्वित करना ही सरकार का लक्ष्य : नरेंद्र बरागटा
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनमंच में प्रस्तुत मांगों और जन समस्याओं को 15 दिनों निपटाएं। यह निर्देश जिला स्तरीय जनमंच समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्य समन्वयक जनमंच एवं चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा ने दिए। उन्होंने शिक्षा, राजस्व, वन एवं लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि विभिन्न लंबित मांगों को निपटाने के लिए उपायुक्त के निर्देश पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि जो मांगें राज्य सरकार के स्तर पर पूरी होनी हैं, उन्हें संबंधित विभागों को उचित स्तर पर भेजा जाए। उन्होंने जिला कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि सोलन के सामाजिक सुरक्षा पेंशन के विभिन्न लंबित मामलों को 10 दिन में निपटाएं। मुख्यमंत्री भी जनमंच का अनुश्रवण नियमित रूप से खुद करते हैं। वहीं नरेंद्र बरागटा ने समीक्षा बैठक शुरू होने से पहले जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मौन रखकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
लोगों की समस्या का हल करना है जनमंच का मुख्य उद्देश्य : बरागटा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने प्रथम बजट में जनमंच में आरंभ करने की घोषणा की थी। जनमंच का मुख्य उद्देश्य हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को उनके घरद्वार के समीप सुलझाना है। उन्होंने कहा कि जनमंच में प्रदेश के वरिष्ठ मंत्रियों की उपस्थिति जहां आम आदमी को खुलकर अपनी बात कहने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, वहीं इससे अधिकारी-कर्मचारी भी समयबद्ध कार्य करने के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं।
नौ जनमंचों में उठीं सैकड़ों समस्याएं, शिकायतें सुलझाईं
सोलन जिले में अभी तक नौ जनमंच कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। अर्की विधानसभा क्षेत्र के मटेरनी में आयोजित प्रथम जनमंच में प्राप्त सभी 138 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया है। सोलन विधानसभा क्षेत्र के छावशा में आयोजित दूसरे जनमंच में प्राप्त सभी 51, दून विधानसभा क्षेत्र के चंडी में आयोजित तीसरे जनमंच में प्राप्त सभी 92, नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नंड में आयोजित चौथे जनमंच में प्राप्त सभी 142, कसौली विधानसभा क्षेत्र के गढ़खल सनावर में आयोजित पांचवें जनमंच में प्राप्त सभी 58, अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार में आयोजित छठे जनमंच में प्राप्त सभी 114 और नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नवाग्राम में आयोजित सातवें जनमंच में प्राप्त सभी 123 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया है। दून विधानसभा क्षेत्र में पट्टा बारियां में आयोजित आठवें जनमंच में प्राप्त 64 शिकायतों में से 63 निपटा दी गई हैं। सोलन विधानसभा क्षेत्र के डोल का जुब्बड़ में आयोजित नौवें जनमंच में प्राप्त 29 में से 28 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शेष शिकायतों को भी शीघ्र निपटा दिया जाएगा। इस मौके पर उपायुक्त सोलन विनोद कुमार, पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा, संजय पराशर सहित सभी उपमंडलाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा प्रदेश सरकार के पर्यवेक्षक उपनिदेशक हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान राजीव बंसल मौजूद रहे।