नालागढ़ (सोलन)। प्रदेश के 66 महाविद्यालयों के खिलाड़ी नालागढ़ में कबड्डी के दांव दिखाने जुट गए हैं। नालागढ़ कॉलेज में अंतर महाविद्यालय कबड्डी चैंपियनशिप शुरू हुई। इसमें प्रदेशभर के 66 कॉलेजों की टीमों के 792 खिलाड़ी दम दिखा रहे हैं। मैट पर होने वाले यह मुकाबले डे-नाइट खेले जाएंगे। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय महाविद्यालय सरांहा (सिरमौर) के प्राचार्य प्रवीण मलिक ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजबान नालागढ़ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल रतन वर्मा ने की। मुख्यातिथि ने कहा कि अजय ठाकुर ने नालागढ़ के दभोटा गांव से निकलकर आज अपनी मेहनत से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी प्रतिभा की अमिट छाप छोड़ी है। प्रतियोगिता के समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के डायरेक्टर स्पोर्ट्स सुरेंद्र शर्मा बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे और टीमों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। कार्यक्रम संयोजक डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले यह मुकाबले मैट पर खेले जाएंगे। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. केसी महंत, सेवानिवृत्त प्राध्यापक प्रो. पंकज वशिष्ठ, रामशहर कॉलेज प्राचार्य डॉ. हरप्रीत, यूनिवर्सिटी आफिशियल डॉ. गोपाल दास्टा, प्रो. सरिता, डॉ. बीएस राठौर, डॉ. अंजौरी, डॉ. कमल कुमार, डॉ. प्रियंका वैद्य सहित टीमों के प्रभारी और कॉलेज स्टाफ व विद्यार्थी मौजूद रहे।