सोलन। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नौणी विवि दौरे को सुरक्षित बनाने में पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। सोलन शहर से नौणी विवि और राजगढ़ मार्ग पर चप्पे-चप्पे में पुलिस बल तैनात है। नौणी विवि के अलावा बसाल हेलीपेड को सुरक्षित रखा गया है। राष्ट्रपति की सुरक्षा में पुलिस के 400 कर्मचारियों को तैनात किया है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पड़ोसी राज्य की सीमा पर अलर्ट जारी किया है। यहां कर्मचारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हाइवे पेट्रोलिंग भी बढ़ाई है। इसके साथ ही शहर में गश्त बढ़ाने के साथ ही नौणी विवि परिसर तक सोलन-राजगढ़ मार्ग को पूरी तरह छावनी में बदला गया है।
राजगढ़ और सोलन दोनों तरफ से पुलिस का पहरा बढ़ा दिया है। शनिवार को प्रदेशभर से रिजर्व बटालियन के जवान सोलन पहुंच गए। यह सभी पुलिस की बसों में सोलन आए। सोलन पहुंचे पुलिस कर्मचारियों ने पुराने उपायुक्त कार्यालय और शहरी चौकी में रिपोर्टिंग की। इसके बाद उन्हें नौणी के लिए रवाना कर दिया गया। आगामी दो दिन तक यह सभी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान नौणी विवि परिसर पूरी तरह से सील रहेगा। हालांकि सोलन-राजगढ़ मार्ग पर इस दौरान वाहनों की आवाजाही होती रहेगी।
बिना इजाजत नहीं होगी विवि में एंट्री
राष्ट्रपति के कार्यक्रम के लिए नौणी विवि में पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए हैं। यहां बिना इजाजत किसी को दाखिल नहीं होने दिया जाएगा। नौणी विवि के मुख्य गेट से सभास्थल तक पुलिस के जवान पहरा देंगे। मुख्य गेट पर ही पास या आमंत्रण पत्रों की जांच होगी। बिना बुलाए लोगों को गेट से अंदर दाखिल नहीं होने दिया जाएगा।
11 बजे सीधे नौणी विवि में उतरेंगे राष्ट्रपति
राष्ट्रपति सोमवार सुबह ग्यारह बजे सेना के हेलीकॉप्टर से नौणी विवि में उतरेंगे। यहां करीब एक घंटे तक दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के बाद हेलीकाप्टर से रवाना होंगे। राष्ट्रपति समेत अन्य अति वशिष्ठ लोगों जिनमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री और अन्य शामिल होंगे उनके सोलन से जाने के बाद ही सुरक्षा में ढील मिलेगी। प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे का रोडमैप तैयार कर लिया है और अब उसके आधार पर काम चल रहा है।
प्रशासन की तैयारियां पूरी हैं : उपायुक्त
डीसी विनोद कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे में फेरबदल हुआ है। इसका कोई असर सुरक्षा या प्रशासनिक प्रबंधों पर नहीं पड़ा है। प्रशासन ने दौरे की तैयारियां कर ली हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को सुरक्षा प्रबंध पुख्ता रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा अन्य विभागों को भी सतर्क रहने को कहा है।
पुलिस ने पुख्ता किए सुरक्षा प्रबंध : एएसपी
पुलिस प्रवक्ता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार ने कहा कि पुलिस ने 400 जवानों को सुरक्षा में तैनात किया है। यह पुलिस कर्मचारी सोलन पहुंच चुके हैं। यह सोमवार तक ड्यूटी पर रहेंगे। सुरक्षा कड़ी कर दी है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मचारी तैनात किए हैं। सीमावर्ती इलाकों में पुलिस को सतर्क रहने और बैरियर पर वाहनों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।