धर्मपुर (सोलन)। सीएचसी धर्मपुर में अब मरीजों को बाहर से दवाएं लेने को बाध्य नहीं होना पड़ेगा। अमर उजाला में यह मुद्दा उठाए जाने के बाद मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके दरोच ने धर्मपुर स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तथा चिकित्सकों को जेनरिक दवाएं लिखने के निर्देश दिए। अमर उजाला ने इस मुद्दे को 24 जुलाई के अंक में प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। यही नहीं ग्रामसभा की बैठक में भी इस मुद्दे को ग्रामीणों ने प्रमुखता से उठाया था।
ग्रामीणों में बार-बार बाहर की दवाएं लिखने को लेकर खासा आक्रोश था। इसे देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने इस मौके पर अस्पताल प्रशासन से जेनरिक दवाइयां न देने का कारण पूछा। इस पर डॉक्टर ने सीएमओ सोलन को अवगत करवाया कि सरकार द्वारा दी जा रही सभी चरह की जेनरिक दवाएं रोगियों को उपलब्ध करवाई जा रही हैं। अस्पताल के चिकित्सकों को निर्देश दिए हैं कि बाहर से दवाएं न लिखें। इस नियम का उल्लंघन किया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जेनरिक दवाएं सभी वर्गों के रोगियों को उपलब्ध करवाई जाती हैं। बेशक वह अमीर हो या गरीब सरकार के आदेशों के अनुसार जेनरिक दवाईयां हर वर्ग के रोगी को उपलब्ध करवाई जाती हैं। इस दौरान सीएमओ सोलन आरके दरोच के साथ सीएचसी धर्मपुर के बीएमओ उदय ठाकुर, सुरेंद्र नैयर और अन्य कर्मचारी तथा अधिकारी भी मौजूद रहे।
धर्मपुर क्षेत्र को मिलेगी 108 एंबुलेंस
मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरके दरोच ने बताया कि सीएचसी धर्मपुर में चालक न होने के कारण बेकार खड़ी एंबुलेंस के लिए चालक रखने का प्रस्ताव सरकार को भेजा है। धर्मपुर के लोगों की मांग के अनुरूप आपातकालीन सेवा 108 की जल्द उपलब्ध करवा दी जाएगी। इसके लिए भी प्रस्ताव बनाकर भेजा है।
मरीजों को दाखिल करने के दिए निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी आरके दरोच ने सीएचसी धर्मपुर में चिकित्सकों को निर्देश दिए कि दिन के समय जिन रोगियों को अस्पताल में कुछ समय के लिए ऑब्जर्वेशन पर रखा जाता है उन्हें भी दाखिल दिखाएं। दरोच ने इस दौरान अस्पताल के वार्ड छह में दाखिल रोगियों से बातचीत भी की।