बोले-225 करोड़ की सिंचाई और पेयजल योजनाओं का काम अंतिम चरण में
180 गांव की 55 हजार आबादी को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कसौली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए लगभग 225 करोड़ रुपये की सिंचाई व पेयजल योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है। उपमुख्यमंत्री कसौली के कुमारहट्टी में आयोजित आभार सभा समारोह में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और विधायक विनोद सुल्तानपुरी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि गिरि पेयजल आपूर्ति योजना का लगभग 135 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली महत्वाकांक्षी योजना का 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके चालू होने से 17 पंचायतों के करीब 180 गांव की 55 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
47 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे कार्य का पहला चरण पूरा हो चुका है। दूसरे चरण का काम जल्द खत्म कर लोगों को बेहतर सुविधा दी जाएगी। एशियन विकास बैंक के सहयोग से 38 करोड़ की पेयजल योजना का काम भी तेजी से चल रहा है। इससे 10 पंचायतों को स्वच्छ पानी मिलेगा। मुकेश ने बताया कि क्षेत्र में कृषि को बढ़ावा देने के लिए दो प्रमुख सिंचाई योजनाओं पर काम चल रहा है। इसें पट्टा बरावरी सिंचाई योजना 4.50 करोड़ से बन रही है। इस योजना से 10 गांवों की 116 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।