खेड़ा सड़क पर हादसा, आरोपी चालक फरार
बाद में नाकाबंदी कर नालागढ़ ट्रक यूनियन के पास दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर खेड़ा के समीप बुधवार सुबह सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। उसे बाद में दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार, बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर खेड़ा के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया था।
मृतक की पहचान राजू पुत्र सीता राम निवासी गांव घलेरी, डाकघर लगदाघाट, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मानपुरा पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नालागढ़ भेजा। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर तुरंत आगामी छानबीन और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन का पीछा किया। इसके बाद नालागढ़ ट्रक यूनियन के बाहर कड़ी नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को सफलतापूर्वक रोक लिया गया।
चंबा का है आरोपी चालक
पुलिस ने आरोपी चालक लच्छो राम पुत्र मुशद्दी राम निवासी गांव भेलू, डाकघर सलोनी, तहसील सलोनी, जिला चंबा को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस आरोपी और ट्रक को मानपुरा थाने ले आई है।