विद्यार्थियों का पीएम श्री योजना के तहत किया चयन
24 जुलाई तक शैक्षिक भ्रमण पर रहेंगे, विभाग ने किया रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। प्रधानमंत्री श्री योजना के तहत जिले के 17 मेधावी विद्यार्थी चार दिन का शैक्षिक भ्रमण करेंगे। सोलन से विद्यार्थियों को चंडीगढ़, दिल्ली और आगरा के लिए रवाना कर दिया है। विद्यार्थी 24 जुलाई तक शैक्षिक भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान विद्यार्थी ऐतिहासिक एवं वैज्ञानिक स्थलों की यात्रा करेंगे।
डाइट सोलन के पीआरओ पंकज धौंटा ने बताया कि छात्र निरंतर उत्कृष्ट शैक्षिक प्रदर्शन के आधार पर भ्रमण के लिए चुने गए हैं। जिला परियोजना अधिकारी सोलन राजेंद्र वर्मा ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इस शैक्षणिक भ्रमण में जिला नोडल अधिकारी मधु ठाकुर जिला प्रतिनिधि के रूप में भाग ले रही हैं। यह यात्रा छात्रों को देश की ऐतिहासिक धरोहरों, वैज्ञानिक संस्थानों एवं सांस्कृतिक विरासत से साक्षात्कार कराने का एक सुनहरा अवसर देगी। शैक्षिक भ्रमण छात्रों के ज्ञान, दृष्टिकोण एवं अनुभव को समृद्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।