अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शिक्षा हब के नाम से मशहूर जिला सोलन में प्रदेश बोर्ड की ओर से जारी जमा दो के टॉप 10 सूची में सरकारी और निजी स्कूलों के तीन होनहार विद्यार्थियों ने जगह बनाई है। जिले के लगभग 114 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में सभी संकाय के छात्र-छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि, शिक्षा हब के रूप में विख्यात सोलन जिले के शिक्षाविद इस प्रदर्शन से ज्यादा खुश नहीं है।
शिक्षाविद तो इस प्रदर्शन पर सरकारी और प्रदेश बोर्ड से संबद्ध निजी स्कूलों की पढ़ाई पर सवाल उठाने लगे हैं। हालांकि अभी तक तसवीर पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हैरत की बात है कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों को यह जानकारी नहीं है कि जिले में विभिन्न संकायों में कितने प्रतिशत रिजल्ट रहा। अधिकारियों की माने तो अभी कंपाइलेशन में समय लग सकता है। दो वर्ष पहले जमा दो परीक्षा की परीक्षाओं में बेहतर नतीजे रहे थे। लगभग हर संकाय में किसी ने किसी मेधावी छात्र ने टॉप 10 की सूची में अपना नाम अंकित किया था। उस लिहाज से इस बार के नतीजे सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगाने वाले हैं।
कंपाइल कर रहे परिणाम
शिक्षा विभाग उप निदेशक उच्च शिक्षा योगेंद्र मखैक ने बताया कि जिले में तीन विद्यार्थी टॉप 10 में आए हैं। अभी शिक्षा विभाग सोलन के पास इसकी लिस्ट नहीं पहुंची है। लिस्ट पहुंचने के बाद उसे कंपाइल कर ही जिला भर के जमा दो के वार्षिक परिणाम का पता चल पाएगा कि कितना प्रतिशत रहा है।