रसोई गैस के रूट चार्ट, फल-सब्जी विक्रेताओं के निरीक्षण के निर्देश
सोलन में जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक, कंडाघाट में आवासीय कॉलोनियों का होगा निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि जिले में फल एवं सब्जी विक्रेताओं का नियमित एवं औचक निरीक्षण किया जाए। जिला वासियों को समय पर रसोई गैस की आपूर्ति के लिए रूट चार्ट की जानकारी दी जाएगी। यह निर्देश सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्ध करवाने पर कंडाघाट में सामान्य पूल की आवासीय कॉलोनियों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समिति सदस्यों ने जनहित में उठाए मामलों को गंभीरता से लें और उनका निपटारा समयबद्ध हो।
तंबाकू बेचने वालों के खिलाफ होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि जिन शिक्षा संस्थानों के समीप दुकानों पर तंबाकू, गुटखा बिक रहा है। ऐसे दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जिले के नशा मुक्त बनाने के लिए एक कार्य योजना तैयार कर जन आंदोलन के रूप में कार्यान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर परहोने वाली शिकायत निवारण की बैठकें सही मायनों में विकास को जन-जन तक पहुंचाने और आम आदमी के हित का जरिया बनकर उभरी हैं।
इन विषय पर भी हुई चर्चा
बैठक में डॉ. सैजल ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य के अधिकारियों को धारों की धार में एक बड़ा पेयजल टैंक निर्माण और गांव टिपड़ा में पेयजल आपूर्ति करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला उद्योग तथा खंड विकास अधिकारी सोलन को चंबाघाट में डीआईसी सड़क का संयुक्त निरीक्षण करने और उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जानकारी दी कि नगर, सिहावां, जाबल-जम्लोट में 500 बीघा भूमि उद्योग के नाम कर दी गई है। शीघ्र ही इस स्थान पर उद्योग स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर उपायुक्त सोलन विनोद कुमार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सोलन विवेक चंदेल विधायक सोलन डॉ. धनीराम शांडिल, विधायक दून परमजीत सिंह पम्मी, उपाध्यक्ष राज्य खादी बोर्ड पुरुषोतम गुलेरिया, जिला अध्यक्ष भाजपा केएल ठाकुर, भाजपा नेता राजेश कश्यप, पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन शर्मा, पुलिस अधीक्षक बद्दी रोहित मालपानी सहित अन्य मौजूद रहे।
प्रदूषण बोर्ड को भी जारी किए निर्देश
पर्यावरण एवं प्रदूषण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योगों का विभाग के अधिकारियों ने समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाए। उद्योगपतियों को उद्योगों का पानी ट्रीट कर छोड़ने के निर्देश दिए जाएं और अवहेलना पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जौणाजी रोड पर जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। इसके अलावा परियोजना निदेशक, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, हमीरपुर को नालागढ-रोपड़ रोड पर नागरिक आपूर्ति के गोदाम के पास सड़क को चौड़ा करने और बद्दी से लेकर नालागढ़ तक सड़क पर बने पुलों की मरम्मत के निर्देश दिए।