चीनी प्रतिनिधियों के लिए योग प्रशिक्षण शिविर शुरू
शूलिनी विवि में विभिन्न मुद्राओं, प्राणायामों और ध्यान तकनीकों की दी जाएगी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। चीनी प्रतिनिधियों के लिए एक टीचर्स ट्रेनिंग कोर्स इन योग साइंस (टीटीसीवाईएस) का शुभारंभ शूलिनी विवि के वाइस चांसलर प्रो. पीके खोसला ने विवि परिसर में किया। इस दौरान प्रतिनिधियों को चीन में भविष्य के योग प्रशिक्षकों के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। विवि के रजिस्ट्रार प्रो. सुनील पुरी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और शुभारंभ सत्र को विवि के लिए एक शुभ आयोजन करार दिया। उन्होंने बताया कि प्रो. खोसला ने यूनिवर्सिटी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पिछले साल चीन से आमंत्रण मिलने के आठ महीने पहले एक एक्सचेंज प्रोग्राम के बारे में सोचा था। स्कूल ऑफ योग और नैचरोपैथी के प्रमुख विनोद कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। कोर्स में प्रतिनिधियों के लिए विभिन्न योग मुद्राओं, प्राणायामों के साथ-साथ ध्यान की विभिन्न तकनीकों पर प्रशिक्षण सत्र शामिल होंगे। चीनी प्रतिनिधिमंडल में झांग जिंग, यांग लेई, वांग सीतोंग, वोंग युजेन, शीफी, वेन हुई और ली जिंग शामिल हैं।