केंद्रीय समिति तय करेगी उम्मीदवार का चेहरा : रावत
जीतने वालों पर ही लगेगा दांव, भाजपा का लक्ष्य मत प्रतिशत बढ़ाना,2014 में मिले थे 53 प्रतिशत मत
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। भाजपा चुनाव प्रभारी तीर्थ सिंह रावत ने कहा है कि भाजपा हिमाचल में जिताऊ उम्मीदवारों पर ही दांव लगाएगी। चुनाव में पार्टी के चेहरे केंद्रीय चयन समिति तय करेगी। तब तक मौजूदा सांसद ही लोगों के बीच रहकर प्रचार की कमान संभालेंगे। तीर्थ सिंह रावत बुधवार को सोलन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने हिमाचल में वर्ष 2014 में 53 प्रतिशत मत हासिल किए थे। पार्टी प्रदेश में चारों सीटों पर चुनाव जीतेगी, यह तय है। लेकिन असली मुकाबला मत प्रतिशत बढ़ाने को लेकर होगा। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी पन्ना प्रमुखों को सौंपी गई है। पन्ना प्रमुख सभी मतदाताओं को जागरूक कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्य सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों पर चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद सड़कों का जाल बिछा है। जगह-जगह फोरलेन निर्माण किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना, बिना आरक्षण में कटौती किए सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण और आयकर में छूट का दायरा बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। इस वजह से मध्य व गरीब वर्ग को आयकर से छूट समेत अस्पताल में पांच लाख रुपये तक के उपचार का प्रबंध हो पाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब व आम लोगों की मदद में अब तक कई योजनाओं को शुरू किया है।