जनवरी में शुरू हो जाएगी नालागढ़ अस्पताल की लिफ्ट
मरीजों और तीमारदारों को मिलेगा नववर्ष का तोहफा
इंस्टालेशन का काम जोरों पर, एक सप्ताह तक होगा ट्रायल
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ अस्पताल के तीन मंजिला भवन में नए साल के पहले ही माह में लिफ्ट शुरू हो जाएगी। इसके बाद मरीजों और तीमारदारों को ऊपर की मंजिलों में चढ़ने में परेशानी नहीं होगी। 34.82 लाख रुपये से स्थापित हो रही इस लिफ्ट के इंस्टालेशन का कार्य चल रहा है। लिफ्ट के उपकरण स्थापित होने के उपरांत एक सप्ताह तक इसका ट्रायल होगा और उसके बाद निरंतर यह लिफ्ट शुरू कर दी जाएगी।
करीब 16 साल पहले बने अस्पताल के नए भवन में रैंप सुविधा तक नहीं है और लिफ्ट स्थापित होने से मरीजों और तीमारदारों को बड़ी राहत मिलेगी। 16 दिसंबर, 2002 को अस्पताल के नए भवन का उद्घाटन किया गया था। नालागढ़ अस्पताल उपमंडल का प्रमुख केंद्र बिंदु है और पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा की सीमाओं से सटे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों सहित आसपास के लोग इसी अस्पताल में उपचार करवाने आते हैं। प्रतिदिन करीब 800 से 900 ओपीडी वाले इस अस्पताल में 100 बिस्तर लगे हुए हैं, जिसमें मरीज दाखिल होते हैं, लेकिन एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक आने जाने में सीढ़ियों का ही सहारा लेना पड़ता है, क्योंकि अस्पताल में रैंप तक नहीं है। हाल ही में अस्पताल में लगे एक शिविर में मरीजों को एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक लाने और ले जाने में लोगों को भारी परेशानी हुई थी, लेकिन अब मरीजों और उनके तीमारदारों की यह समस्या भी हल होने जा रही है। उधर, खंड चिकित्साधिकारी डॉ. केडी जस्सल ने कहा कि एक पखवाड़े में लिफ्ट यहां कार्य करना शुरू कर देगी और निश्चित तौर पर लिफ्ट लगने से मरीजों सहित तीमारदारों को भवन में नीचे ऊपर आने जाने के लिए परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।