दाड़लाघाट (सोलन)। हिमाचल शिक्षक महासंघ सोलन की बैठक का आयोजन रावमापा घनागुघाट में किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रदेश प्रधान डॉ. प्रेम शर्मा ने की। इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कपाटिया मुख्य संरक्षक सोलन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जिला सोलन के प्रधान प्रकाश चंद शर्मा ने राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का स्वागत किया।
हिमाचल शिक्षक महासंघ के प्रदेश प्रधान, महासचिव लायक राम शर्मा, मुख्यालय सचिव महेंद्र चौहान तथा जिला सोलन के प्रधान प्रकाश चंद शर्मा ने सरकार से मांग की है कि पुरानी पेंशन योजना को अविलंब लागू किया जाए। वर्तमान में 15 मई 2003 के बाद जो एनपीएस लागू की गई है, उसे तुरंत वापस लिया जाए। इसी प्रकार अनुबंध से नियमित हुए सभी शिक्षकों को सभी वित्तीय व सेवा लाभ अनुबंध तिथि से ही दिए जाएं।
पूर्व में सरकार की ओर से अनुबंध का सेवाकाल आठ वर्ष निर्धारित किया था जबकि शिक्षकों को 11 वर्ष की अवधि पूर्ण होने के बाद बिना किसी वित्तीय और अन्य लाभों से वंचित रखा गया। सभी वित्तीय व सेवा लाभ दिए जाएं। पीटीए, पैरा व पेट शिक्षकों को नियमित किया जाए। अनुबंध से नियमित होने के बाद दो वर्ष प्रोबेशन पीरियड की शर्तों को हटाया जाए तथा सभी वित्तीय लाभ नियमित तिथि से जारी किए जाएं। कंप्यूटर शिक्षकों को सरकार अपने अधीन ले और सभी वित्तीय लाभ समय पर जारी किए जाएं।