अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल मेें मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए तीन डॉक्टरों की नियुक्ति कर दी है। तीन डॉक्टरों के आने से मरीजों सहित अस्पताल प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है। अस्पताल में सर्जन डॉ. अंतिक, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गुंजन और मनोवैज्ञानिक ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। डॉक्टरों के आने से अब अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या में इजाफा हुआ है। अस्पताल में अब डॉक्टरों की संख्या 19 पहुंच गई है। हालांकि अभी भी डॉक्टरों की संख्या बिस्तर के हिसाब से कम है लेकिन इनके आने से मरीजों को फायदा पहुंचेगा।
अस्पताल से लगातार डॉक्टरों के तबादले किए जाने से मरीजों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या लगातार कम होती जा रही थी। लेकिन अब अस्पताल में दो नए डॉक्टरों की नियुक्ति कर दी गई है। इससे पहले अस्पताल में केवल एक ही सर्जन था। इसके अवकाश पर चले जाने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
एक ही सर्जन के होने से मरीजों की भारी भीड़ ओपीडी में लगी रहती थी। दूसरी ओर नेत्र रोग विशेषज्ञ अकेले ही आंखों के मरीजों का इलाज कर रहे थे। मरीजों की भारी भीड़ अकेले डॉक्टर के लिए संभालनी मुश्किल हो रही थी। ऐसे में सोलन अस्पताल में अब दूसरे डॉक्टर की नियुक्ति से मरीजों को अपना चेकअप करवाने में आसानी होगी। बड़ा अस्पताल होने से स्थानीय ही नहीं बल्कि दूूरदराज के क्षेत्रों से भी मरीज अपना इलाज करवाने के लिए भारी संख्या में आते हैं।
अस्पताल में तीन डॉक्टरों की हुई नियुक्ति
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेश गुप्ता ने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल में तीन नए डॉक्टरों की नियुक्ति हो गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ के साथ मनोचिकित्सक ने कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रयासरत है।