अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर में अपनी मनमर्जी कर ऑटो चालकों पर क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार की अध्यक्षता में शहर के कोटलानाला, ओल्ड डीसी चौक, बाईपास सहित अन्य क्षेत्र में ऑटो चालकों पर कार्रवाई कर 15 चालान काटे। इसमें तीन चालान ऑटो सबलेटिंग के हैं जबकि अन्य चालान ओवरचार्जिंग और ओवरलोडिंग पर काटे गए हैं।
जानकारी के अनुसार शहर में ऑटो चालकों मर्जी से विभिन्न क्षेत्र का किराया वसूल कर रहे हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने इस पर रोक लगाने के निर्देश ऑटो चालकों को दिए थे लेकिन ऑटो चालकों ने अपनी मनमानी जारी रखी। ओवरलोडिंग कर अधिक किराया वसूला जा रहा था। इसके बाद क्षेत्रीय परिवहन विभाग ने लोगों की शिकायत पर यह कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोलन में बेरोजगारों के लिए चलाए थे ऑटो
सोलन में ऑटो रिक्शा बेरोजगार युवा व अन्य को रोजगार स्थापित करने के लिए चलाए थे। इन्हें चलाने के परमिट भी उक्त बेरोजगार लोगों को दिया जाता था। सोलन में करीब 300 ऑटो चलते हैं लेकिन इसमें से करीब 150 ऑटो ही उसके मालिक चला रहे हैं। अधिकतर ऑटो बिना लाइसेंस के हैं जिनके खिलाफ अब आरटीओ ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
15 ऑटो के काटे गए चालान
आरटीओ सोलन सुरेश कुमार ने बताया लोगों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 15 ऑटो के चालान ओवरलोडिंग, सबलेटिंग सहित ओवरचार्जिंग के काटे गए हैं। यह मुहिम जारी रहेगी। उन्होंने ऑटो मालिक को चेतावनी दी है कि वे अपने ऑटो खुद चलाएं नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।