अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। नगर परिषद बद्दी ने अपने परिसर के भीतर और ऑटो स्टैंड के सामने बनी 24 दुकानों की नीलामी की जिसमें से 16 दुकानों को खरीदार मिल गए। किराए की बोली में तीन दर्जन से ज्यादा बोलीदाताओं ने भाग लिया। दुकानें लेने के लिए नगर परिषद ने 25 हजार रुपये की धरोहर राशि रखी थी। उसके बाद नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी और नप अध्यक्ष नरेंद्र कुमार दीपा ने बोली कार्यक्रम को शुरू किया। किराए पर दुकानों के चाहवान लोगों ने अपनी अपनी पसंद की दुकान पर बोली दी।
नगर परिषद बद्दी के प्रांगण में बनी पांच दुकानें हाथोंहाथ बिक गईं। उसके बाद ऑटो स्टैंड के सामने बनीं लेंटर वाली और टीन शेड वाली भी तत्काल नीलाम हो गई। पिछली बार की तरह इस बार दुकानें काफी कम रेट पर गईं। पिछली बार लोगों ने 10 हजार प्रतिमाह पर दुकानें ली थीं तो इस बार अधिकतम बोली 4200 रुपये तक ही गई और न्यूनतम बोली 2700 रुपये रही।
नगर परिषद अध्यक्ष ने बताया कि आज हुई नीलामी से नगर परिषद को लगभग साढ़े चार लाख रुपये सालाना आय हुई है। इस अवसर पर नप अध्यक्ष नरेंद्र कुमार दीपा, कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी, पार्षद तरसेम चौधरी, हरनेक ठाकुर, महेंद्र सिंह लुबाणा, मदन लाल चौधरी, भगत राम ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता राकेश कांत शर्मा, वरिष्ठ सहायक ,खेमचंद वर्मा, अनिल ठाकुर, सरदार बंत सिंह, संजीव ठाकुर मलकूमाजरा, कृष्ण कुमार कसाना उपस्थित थे।
तहबाजारी की नहीं हो पाई बोली
नगर परिषद बद्दी ने तहबाजारी के लिए बोली रखी थी जिसमें से टेंडर के लिए तो ठेेकेदार आगे आए लेकिन टेंडर और बोली के दाम तर्कसंगत नहीं थे। तहबाजारी के रेट 30 लाख रुपये रिजर्व रखे गए थे लेकिन ठेकेदारों ने बहुत ज्यादा बोली नहीं लगाई। ठेकेदारों को इस रेट पर घाटा लग रहा था तो नगर परिषद को लगा इसमें हमें प्रोफिट नहीं मिलेगा। तहबाजारी की बोली विवादों में घिरते देख नप प्रशासन ने बोली को रद्द कर दिया और अब यह बोली बाद में की जाएगी।