अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। परिषद के 12 सालों से बन रहे ड्रीम प्रोजेक्ट का काम अब ठेकेदार ने नहीं किया तो इसका कार्य अन्य ठेकेदार को देकर परिषद इसे पूरा करवाएगी। क्योंकि ठेकेदार की ओर से बार-बार नेगोसिएशन करने की मांग पर परिषद ने शहरी विकास विभाग से इसकी नेगोसिएशन करवा ली है और ठेकेदार को अवार्ड लेटर जारी किया जा रहा है। बावजूद इसके संबंधित ठेकेदार इसका काम नहीं करता है तो उसके बाद सबसे कम दर वाले ठेकेदार को इसका कार्य आवंटित किया जाएगा।
परिषद अपने इस ड्रीम प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए सख्त हो गई है। परिषद के करीब 1.37 करोड़ रुपये के ड्रीम प्रोजेक्ट में शुमार शॉपिंग कांपलेक्स का ठेकेदार ने दो साल पहले काम तो शुरू कर दिया और इसके पिल्लर भी खड़े कर दिए गए थे, लेकिन इसकी नेगोसिएशन नहीं हो सकी थी और काम सिमट गया था। 25 मई 2016 को पूर्व शहरी विकास मंत्री की ओर से इसका कांपलेक्स का विधिवत शिलान्यास करने के उपरांत इसके टेंडर किए गए और मई 2017 में इस शॉपिंग कांपलेक्स का निर्माण कार्य आरंभ किया गया। योजना के तहत इस शॉपिंग कांपलेक्स को दोमंजिला बनाकर 65 दुकानों का निर्माण किया जाएगा। कांपलेक्स में टायलेट ब्लॉक का निर्माण होगा, जबकि कांपलेक्स की प्रथम मंजिल तक जाने के लिए दो सीढ़ियों का निर्माण भी होना है। ईओ नगर परिषद वर्षा चौधरी ने कहा कि शॉपिंग कांपलेक्स निर्माण कार्य की नेगोसिएशन हो चुकी है और ठेकेदार को अवार्ड लेटर जारी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बावजूद इसके ठेकेदार काम नहीं करता है तो नियमानुसार उसका ठेका रद्द करते हुए दूसरे कम दर वाले ठेकेदार को इसका कार्य दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिषद अपने इस प्रोजेक्ट को जल्द पूरा करवाना चाहती है।