अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। मां शूलिनी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचली, बॉलीवुड सहित पंजाबी गायक कलाकारों के नाम रही। इसमें हंसराज रघुवंशी ने अपने गीत मेरा भोला है भंडारी से लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने पहाड़ी नाटी बाबा बदनाम, गंगा किनारे, फकीरा सहित अन्य गीतों की प्रस्तुति दी। इसके अलावा हिमाचली गायक कृतिका तनवर ने कलंक बॉलीवुड गीत से शुरूआत की।
इसके बाद उन्होंने रश्के कमर, दिलबर-दिलबर, आंख मारे, लंदन ठुमकदा सहित पहाड़ी नाटी की प्रस्तुुति देकर खूब वाहवाही लूटी। वहीं अनुज शर्मा ने बॉलीवुड गीत ले जाए मुझे कहां ये हवाएं से आगाज किया। इसके बाद उन्होंने ये जो हल्का-हल्का, पंजाबी गीत दिल चोरी साढा हो गया जैसे गानों पर खूब वाहवाही लूटी। इसके अलावा लोक गायक कलाकार में नादौन निवासी हंस राज ने लोक गीत चुगादियो धारा रे गुजरो, गोरी रा चित लगा चंबे दी धारा, नारकंडा के कलाकार रमेश कटोच ने बोतलों फूटी, मुखे तू दारू पिलाइजा जैसी पहाड़ी नाटियों की प्रस्तुति दी। वहीं सोलन के कार्तिक शर्मा ने खामोशियां, अच्छा चलता हुं सहित सोलन गिद्दे की प्रस्तुति देकर लोगों से खूब तालियां बटोरीं।
हिमानी कला मंच धार सोलन से मंगल ध्वनि, चहेता म्यूजिकल ग्रुप कुपवी ने नाटी, आशु कथेड़ सोलन ने नृत्य, सोलन के विकास कुमार ने कजल, पूनम पंडित हिंदी गीत, राहुल ने एकल, रीया ठाकुर शामती ने नृत्य, जोगा सिंह नालागढ़ ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर आधारित संगीत की प्रस्तुति, जगदीश शर्मा शिमला ने एकल, मिक्की शर्मा, वकनाघाट के बलदेव, बड़ोग की परणिता, ललित गर्ग, चायल की अंकिता, सोलन कमला ठाकुर, कुपवी शिमला के अरुण चौहान, शमशेर शेरा, कुल्लू की आईएस चांदीनी, चायल के शुभम ठाकुर, शिमला के लेखराम पाल, अजय भारद्वाज, मंडी का दीपिका म्यूजिकल ग्रुप, ठियोग के प्रताप भारद्वाज, सुबाथू की गीता शर्मा, राजगढ़ की कल्पना तोमर, बड़ोग निवासी रीत शर्मा, नितिन तोमर सोलन, झंकार म्यूजिकल ग्रुप कंडाघाट, मुकेश कुमार सोलन, गोपी जैक्स शिमला, जसवंत सोलन, जय प्रकाश सोलन, नरेश कुमार, सरगम कला मंच नौणी, सुभाष राणा, रमेश कटोच, शिवाली कला मंच शिमला, विवान गुप्ता, एसजे डांसिंग जोन सोलन, सीता राम शर्मा निवासी बगेटू कंडाघाट, टिवंकल शर्मा ने प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी।
इससे पूर्व शूलिनी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर उपायुक्त सोलन सहित जिला प्रशासन के सदस्य मौजूद रहे।