अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शूलिनी मेले की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन सोलन ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर जागरूकता रैली और रोड शो का आयोजन किया। इसमें उपायुक्त सोलन विनोद कुमार ने लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह सोलन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस रैली में सोलन शहर और आसपास के क्षेत्रों के सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापार मंडल सोलन के पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विषय पर मनोरंजक व संदेशवाहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कार बांटे गए।
इनमें बीएल सेंट्रल पब्लिक स्कूल सोलन को प्रथम पुरस्कार के रूप में 15 हजार, आईसीएसडब्ल्यू टीम को द्वितीय पुरस्कार, राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी टीम व नेहरू युवा केंद्र की टीमों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 3-3 हजार रुपये पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोलन मधुसूदन, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विवेक चंदेल, सोलन भाजपा व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी वंदना चौहान, जिला भाषा अधिकारी कुसुम संचारक, युवा समन्वयक नेहरू युवा केंद्र सोलन ईरा प्रभात, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, अध्यापक सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित थे।