अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर के लक्कड़ बाजार में तारों के जंजाल के चलते कारोबारी और यहां से गुजरने वाले लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं। आलम यह है कि यहां पर दुकानों और घरों के ऊपर से बिजली के तार गुजर रहे हैं। इनमें से हाई टेंशन तार लोगों के लिए जी का जंजाल बने हुए हैं।
इससे किसी भी समय अप्रिय घटना का अंदेशा बना हुआ है। कारोबारियों ने कई बार बिजली बोर्ड को सूचित किया लेकिन कोई भी विभागीय कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है। कई बार स्पार्किंग और तारों में आग तक लग चुकी है। इसी बाजार से अस्पताल जाने वाले मार्ग पर लगे बिजली पोल की नीव भी कमजोर हो चुकी है। इस बिजली पोल पर ट्रांसफार्मर लगा है। पोल की नीव कमजोर होने से यह पोल किसी भी समय नीचे आ सकता है जिससे कोई बड़ी घटना घट सकती है।
इस बाजार से लोग कोटलानाला और अस्पताल को जाते हैं। पूरा दिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही बाजार में रहती है। बिजली बोर्ड से कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। लक्कड़ बाजार एसोसिएशन के प्रधान नीरज वर्मा ने बताया कि कई बार बिजली बोर्ड को तारों को यहां से उठाने के लिए कहा है लेकिन विभाग बदल नहीं रहा है। बताया कि इसमें कई बार शॉर्टसर्किट भी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर वाला पोल भी हादसों को न्योता दे रहा है। इस पोल की नींव कमजोर हो चुकी है जिससे घटना होने का डर बना हुआ है।
बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता मनीष कुमार आर्य का कहना है कि घरों के बनने से पहले एचटी लाइन डाली गई थी जबकि घरों का निर्माण बाद में हुआ है। लोगों को पहले ही सूचित किया था कि वे एचटी लाइन के आसपास गृह निर्माण न करें, बावजूद इसके निर्माण कार्य किया गया है।