लोस चुनाव को लेकर बीबीएन में पुलिस चाक चौबंद
गश्त अभियान पर पुलिस कर्मी तैनात, वाहनों की हो रही चेकिंग
होटलों और गेस्ट हाउसों पर भी है नजर
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। लोकसभा चुनाव का बिगुल बजते ही हरियाणा और पंजाब की सीमाओं से सटे औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन की सीमाओं की चौकसी को और मजबूत बना दिया गया है। पुलिस ने गश्त को और मजबूत बनाते हुए सीमाओं की निगरानी बढ़ा दी है। किसी भी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर लिया है। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन, कालूझिंडा, मंढ़ावाला और मंधाला से हरियाणा की सीमाएं लगती हैं। वहीं, ढेरोंवाल, दभोटा, बघेरी से पंजाब की सीमाएं शुरू हो जाती हैं। सीमाओं से सटे इस क्षेत्र में लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस पहले से ही मुस्तैद हो गई है। पुलिस दिन-रात पेट्रोलिंग कर रही है और जगह-जगह नाके लगाए जा रहे हैं। वहीं बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है। जिला पुलिस बद्दी के तहत पुलिस कर्मियों और जिला पुलिस फोर्स चप्पे-चप्पे पर तैनात हो गई है। जिला पुलिस किसी भी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। जिला पुलिस बद्दी ने पुलिस कर्मियों को पेट्रोलिंग सहित नाकेबंदी और सीमावर्ती क्षेत्रों में तैनात किया है।
एसपी बद्दी रोहित मालपानी ने कहा कि बीबीएन में दिन-रात्रि की गश्त को और मजबूत बनाया गया है। उन्होंने कहा कि होटलों, गेस्ट हाउसों में चेकिंग की जाएगी।