अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में औद्योगिक और सामाजिक विकास को लेकर एक बैठक सीईओ केसी चमन की अध्यक्षता में हुई। इसमें विभिन्न मुद्दों को लेकर विचार किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ उद्योग संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में वुमन वर्किंग हॉस्टल का मुद्दा गूंजा जिसमें वर्तमान में पुलिस लाइन चल रही है। इसमें पुलिस विभाग ने आश्वासन दिया कि एक माह के अंदर वुमन वर्किंग हॉस्टल को खाली कर दिया जाएगा। उप निदेशक उद्योग विभाग संजय कंवर ने खाली होनेे के बाद महिला हॉस्टल को एक माह में उद्योगों को अवार्ड कर दिया जाएगा। इसके अलावा ईएसआई अस्पताल में चल रही स्टाफ की कमी को लेकर मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद स्वास्थ्य सचिव को पत्र भेजा जाएगा। हिमुडा कॉमर्शियल कांपलेक्स में खाली पड़े स्थान के प्रयोग पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सिर्फ 10 फीसदी हिस्सा खाली है बाकी सब बिक चुका है। इसके अलावा लो-कॉस्ट हाउसिंग पर चर्चा हुई जिसमें 26 दिसंबर को खुले दरबार में फ्री में नक्शे पास किए जाएंगे।
इस अवसर पर एक्सईएन हिमुडा रमेश कुमार, सहायक अभियंता अशोक कुमार, इंजीनियर बिशन दास, गणेश लाल टीसीपी, दिनेश जैन रिधी पैकेज, डा कुलदीप जसवाल परवाणु, अनुराग पुरी वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीबीएनआईए, महामंत्री यशवंत गुलेरिया, अतिरिक्त सीईओ सुधीर कुमार, डॉ. गगनदीप, रमेश भारद्वाज और राजीव सत्या उपस्थित थे।