अर्की (सोलन)। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अर्की ने बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में करारी शिकस्त के बाद अब कार्रवाई की तैयारी कर ली है। पार्टी उन काली भेड़ों की तलाश करेगी जिनकी क्रॉस वोटिंग से पार्टी को दोनों सीटें गंवानी पड़ीं। सोमवार को अर्की में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में कुनिहार पंचायत समिति चुनाव पर चर्चा की गई। इसके बाद हार के लिए जिम्मेदार लोगों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक की अध्यक्षता जगदीश ठाकुर ने की जबकि बैठक में एआईसीसी सदस्य व प्रदेश महासचिव संजय अवस्थी व चंद्र शेखर शर्मा प्रभारी अर्की विधानसभा क्षेत्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भाजपा सरकार की ओर से अर्की विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी करने पर नाराजगी जताई और निंदा की गई। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल को करीब एक वर्ष होने को आया है लेकिन अभी तक कोई भी नई योजना क्षेत्र के लिए स्वीकृत नहीं हुई। विकास कार्य क्षेत्र में ठप पड़े हैं जबकि वर्तमान विधायक वीरभद्र सिंह अपनी विधायक निधि व अन्य स्रोतों से करीब डेढ़ करोड़की राशि अर्की विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए आवंटित की है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ न होने से क्षेत्र की जनता त्रस्त है। इसी तरह शिक्षा विभाग में शिक्षकों के पद खाली होने से छात्रों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। भाजपा सरकार इन समस्याओं को सुलझाने में नाकाम रही है। लोकसभा चुनाव नजदीक आने पर वर्तमान सांसद एकाएक प्रकट होकर क्षेत्र में घूमने लगे हैं। पांच करोड़ वार्षिक सांसद निधि से इन पांच वर्षों में अर्की क्षेत्र को कितनी राशि सांसद ने दी है, सांसद श्वेत पत्र जारी करें और लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिए संकल्प लिया गया। इस मौके पर डॉ. अमरचंद पाल, विद्यासागर, मेहर सिंह वर्मा, कमलेश शर्मा, मस्त राम, रोशन वर्मा, काशीराम, रोशन बंसल, सोहनलाल, वेद प्रकाश, जगत राम ठाकुर, जयराम, दिनेश, नरेश ठाकुर, सुशील, निर्मला देवी, उमा गर्ग, विमला ठाकुर, प्रभा वर्मा, नीलम रघुवंशी, दयावंती, मीना कुमारी, चंद्रप्रकाश, दिनेश शर्मा, टेकचंद, रोशन लाल, हेमंत वर्मा कार्यकर्ता मौजूद रहे।