सोलन। पुलिस थाना सपरून के तहत दो सरकारी कार्यालयों के ताले तोड़कर शातिर सामान ले उड़े। श्रम एवं रोजगार कार्यालय के बाथरूम से चोरों ने नलके और किचन से इंडेक्शन चूल्हे तथा यूपीएस की बैटरी चुरा ली। कार्यालयों से किसी आवश्यक दस्तावेज और नगदी चोरी का अभी पता नहीं चल पाया है। लेकिन दफ्तर के नलकों समेत अन्य सामान गायब है।
घटना सोमवार देर रात की ही। इसके बारे में सबसे पहले इस कार्यालय के कर्मचारी को मंगलवार सुबह पता चला। कर्मचारी ने इसकी सूचना आला अधिकारी और पुलिस को दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सोलन बाईपास मार्ग से सटे श्रम एवं रोजगाकर कार्यालय में चोरों ने सेंधमारी की है। कार्यालय में लगे नौ नलके, एक इंडेक्शन चूल्हे सहित यूपीएस की बैटरी गायब है।
पुलिस ने मौके पर शुरू की छानबीन : पुलिस
चौकी प्रभारी अंबी लाल ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। चोरी की घटना में अभी तक कोई जरूरी दस्तावेज सहित नगदी चोरी होने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए कवायद तेज कर दी है।
जिला में बढ़ गई चोरी की घटनाएं
जिले में कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गई हैं। इससे लोग दहशत में हैं। सोलन शहर के अलावा बीबीएन में ड्यूक के शोरूम से सात लाख के कपड़े चोरी होने का मामला करीब चार दिन पहले ही सामने आया है। इसके अलावा सोलन में घर जा रही महिला से छीनाझपटी कर पर्स ले जाने, मंदिर में चोरी, कंडाघाट और देयूंघाट में घर में घुसकर चोरी जैसी कई घटनाएं हो चुकी हैं। लेकिन अभी तक पुलिस चोरी में सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश नहीं कर पाई है।
जल्द गिरफ्तार होंगे चोर : एसपी
एसपी मोहित चावला ने कहा कि चोर गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस प्रयासरत है। पुलिस के पुख्ता बंदोबस्त किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।