सुबाथू (सोलन)।
पेयजल सप्लाई को लेकर जाड़ला पंचायत में दो गांवों के बीच तकरार शुरू हो गई है। जाड़ला पंचायत के नयानगर गांव वासियों ने पेयजल सप्लाई को दूसरे गांव तक पहुंचाने पर आपत्ति जताते हुए आंदोलन की धमकी दी है। इसके बाद लंबे अरसे के बाद पेयजल समस्या से जूझ रहे रौड़ी पंचायत के भाली गांव के लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
नयानगर से सटे रौड़ी पंचायत के भाली गांव में आईपीएच पेयजल टैंक से सप्लाई करने की योजना बना रहा था। इस पर नया नगरवासियों ने आपत्ति व्यक्त की है। जाड़ला के उपप्रधान प्रेमचंद ठाकुर ने कहा कि इस मामले को लेकर ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद आईपीएच विभाग को भी पत्र भेजा जा चुका है।
नयानगर वासियों ने पंचायत बैठक में पानी की सप्लाई दूसरी पंचायत को देने के फैसले पर आईपीएच विभाग का विरोध किया है। पंचायत प्रधान रामकू देवी सहित स्थानीय निवासी वार्ड सदस्य संगीता देवी, सिमरा देवी, ममता, केडी शर्मा, शकुुंतला, कैलाश, मनोज, पवन, रवि ने बताया की नयानगर में बने पेयजल टैंक से पहले ही सैकड़ों परिवारों को चौथे दिन पानी की सप्लाई मिल रही है। ऐसे में अगर टैंक से भाली गांव को पानी दिया जाता है तो नयानगर में जल संकट गहरा सकता है। लोगों ने आईपीएच को चेतावनी देते हुए कहा कि नयानगर से भाली को पानी की सप्लाई को रोका जाए। अन्यथा आंदोलन किया जाएगा।
मामला विचाराधीन है : विभाग
आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता मुनीष शर्मा का कहना है की जाड़ला पंचायत से एनओसी मिलने के बाद ही भाली गांव में आईपीएच ने पाइप बिछाई हैं। लेकिन नयानगर के लोगों की आपत्ति के बाद फिलहाल मामला विचाराधीन है