संवाद न्यूज एजेंसी
दिवाली पर फायर ब्रिगेड हाई अलर्ट पर, संवेदनशील क्षेत्रों में दमकल वाहन खड़े
होमगार्ड कमांडेंट ने की सार्वजनिक स्थानों पर आतिशबाजी न करने की अपील की
सोलन। दीपावली पर्व पर पटाखों और आतिशबाजियों से होने वाली आग की घटनाओं को रोकने के लिए जिला अग्निशमन विभाग ने पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। विभाग ने जिले के शहरों सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी से भरी गाड़ियों के साथ कर्मियों को तैनात कर दिया है और सभी फायर कर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। 150 फायर कर्मी आगजनी की किसी भी घटना से निपटने के लिए तीन शिफ्टों में दिन-रात ड्यूटी देंगे। सोलन ओल्ड बस स्टैंड, ठोडो मैदान, और राजगढ़ मार्ग जैसे संवेदनशील स्थानों पर दमकल वाहन भी खड़े कर दिए गए हैं। सोलन, नालागढ़, बद्दी, अर्की और परवाणू में फायर टेंडर सहित आवश्यक उपकरणों के साथ विशेष टीमें गठित की गई हैं। होमगार्ड कमांडेंट संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि आग से निपटने के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं और जिले में 150 कर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर पटाखे न चलाएं। होमगार्ड कमांडेंट ने कहा कि आग लगने की किसी भी घटना की सूचना तुरंत 101 नंबर पर अग्निशमन विभाग को दें।