जिला शिक्षा विभाग ने 29 स्कूलों को जारी किया था नोटिस
विभाग ने 14 स्कूल प्रबंधकों को सोमवार तक का दिया समय
मंगलवार से प्रबंधकों पर प्रति दिन लगेगा 500 रुपये का जुर्माना
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में नोटिस के बाद निजी स्कूल प्रबंधकों ने मान्यता नवीनीकरण के लिए आवेदन करना शुरू कर दिया है। जिसमें शनिवार तक 15 स्कूलों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। जबकि विभाग की ओर से 29 निजी स्कूल प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। वहीं अब शेष रह गए 14 स्कूलों को विभाग ने सोमवार तक का समय दिया है। मंगलवार से आवेदन न करने वाले स्कूल प्रबंधकों पर प्रति दिन 500 रुपये के हिसाब से जुर्माना लगाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार जिले के निजी स्कूलों की मान्यता रिन्यू करने का समय पूरा हाेने के बाद 268 स्कूलों में से 239 छोटे-बड़े निजी स्कूलों ने ही आवेदन किया था। जबकि 29 निजी स्कूलों की ओर से आवेदन नहीं किया गया था। इसके बाद विभाग ने संबंधित स्कूलों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। इसके बाद 50 फीसदी स्कूलों ने आवेदन कर दिया है। जबकि अन्य स्कूलों को तीन दिन का समय दिया गया है। इसके बाद इन स्कूलों को काली सूची में डालकर रोजाना के हिसाब से जुर्माना वसूल किया जाएगा। वहीं इनकी मान्यता को रद्द के लिए भी निदेशालय को रिपोर्ट सौंपी जाएगी। जिन स्कूलों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है उनमें नालागढ़, बद्दी, सोलन, बरोटीवाला, चंडी और अर्की क्षेत्र के छोटे-बड़े स्कूल शामिल हैं।
उधर, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि नोटिस के बाद 50 फीसदी स्कूलों ने मान्यता रिन्यू के लिए आवेदन कर दिया है। जबकि अन्य स्कूलों को 29 अप्रैल तक का समय दिया गया है। जिसके बाद आवेदन न करने पर उनकी रिपोर्ट निदेशालय को सौंपी जाएगी। आगामी कार्रवाई निदेशालय की ओर से की जाएगी। जिसमें उन पर जुर्माने के साथ उनकी मान्यता रद्द भी की जा सकती है।