शहर के अप्पर बाजार, मेन बाजार, शिल्ली रोड और चौक बाजार में 50 साल पुराने ड्रेनेज सिस्टम को अंडरग्राउंड किया जाएगा।
- फोटो : अमर उजाला
सोलन। शहर के मालरोड से अतिक्रमण हटाने में नगर परिषद बार-बार विफल होती नजर आ रही है। आलम यह है कि अभी एक माह पूर्व हाईकोर्ट के आदेशानुसार मालरोड सोलन से अतिक्रमण को साफ करवाया था। लेकिन अब फिर से अतिक्रमणकारियों ने मालरोड के किनारे दुकानें सजाना शुरू कर दी हैं। इससे सरेआम हाईकोर्ट के आदेशों की धज्जियां उड़ रही हैं। इस पर जिला प्रशासन सहित नगर परिषद द्वारा कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। अतिक्रमणकारियों की हौसले रोजाना बुलंद होते जा रहे हैं।
हालांकि मंगलवार को नप की टीम मालरोड पर अतिक्रमण को साफ करने के लिए पहुंची थे लेकिन कारोबारियों के बीच में आने से यह मुहिम फिर अधूरी रह गई। शहर के माल रोड पर अभी एक माह पूर्व हाईकोर्ट के आदेशानुसार अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर परिषद सहित जिला प्रशासन ने कार्रवाई की थी। इसके बाद शहर का मालरोड जहां खुल गया था वहीं इससे शहर की सुंदरता भी लौट आई थी। लेकिन दिवाली पर्व को लेकर रेहड़ी फहड़ी वालों ने फिर से मालरोड पर अपना अड्डा जमाना शुरू कर दिया। यह अब धीर-धीरे बढ़ता जा रहा है। इसमें मुरारी मार्केट के पास अवैध रूप से बने खोखों को अभी हाल ही में जिला प्रशासन ने हटाया था। लेकिन इसके बावजूद यहां पर फिर से रेहड़ी वालों ने दुकानें सजा दी हैं। इससे हाईकोर्ट के आदेशों की सरेआम अवहेलना हो रही है। वहीं व्यापारियों का कहना है कि किसी भी कार्रवाई से पहले नप नोटिस जारी करे।
अतिक्रमण हटवाएगी नगर परिषद : नेगी
नगर परिषद के ईओ बीआर नेगी ने बताया कि नप के सौजन्य से अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बताया कि शहर के मालरोड से अतिक्रमण को साफ करने के लिए व्यापारमंडल के साथ भी चर्चा की जाएगी। इसके बाद अतिक्रमण को साफ करने की मुहिम को आगे बढ़ाया जाएगा। मंगलवार को नप द्वारा शहर के मालरोड पर किए अतिक्रमण को साफ किया था।