संवेदनशील बूथों पर पुलिस समेत विशेष फोर्स का रहा पहरा
झारखंड पुलिस की चार, आईटीबीपी एक टुकड़ी भी रही शामिल
अन्य बूथों पर भी सुरक्षा को लेकर होगगार्ड्स रहे तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर सुरक्षा का कड़ा पहरा रहा। इसमें संवेदनशील व अतिसंवेदनशील पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। इसमें लोकसभा चुनाव को लेकर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के 592 मतदान केंद्रों पर 1366 पुलिस, आईटीबीपी समेत होम गार्ड्स के जवान तैनात रहे। जोकि बूथ के आस-पास किसी भी प्रकार का शोर-शराबा होने सहित लोगों को एकत्रित भी नहीं होने दे रहे थे। जिले में 42 बूथ संवदेनशील चिह्नित किए गए थे। जिसमें विशेष फोर्स तैनात की गई थी। इसके अलावा अन्य बूथों पर होमगार्ड और महिला व अन्य पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी।
जानकारी के अनुसार लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से शहर, एनएच सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सुरक्षा को लेकर कड़ा पहरा लगाया गया था। जिसमें जहां पुलिस की ओर से जगह-जगह पर गश्त कर वाहनों की तलाशी ली जा रही थी। वहीं इस दौरान हुड़दंगियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा था। जिसमें पुलिस की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में आधुनिक सीसीटीवी कैमरों को भी स्थापित किया हुआ था।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस की ओर से निर्वाचन अधिकारियों के नियमानुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी। जिसमें अतिरिक्त पुलिस बल के जवान, आईटीबीपी सहित होमगार्ड के जवानों की तैनाती विभिन्न पोलिंग बूथों पर की गई थी। इसके अलावा एनएच सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है।
जाबली मतदान केंद्र में सुबह 6:45 बजे लगी कतारें। संवाद
जाबली मतदान केंद्र में सुबह 6:45 बजे लगी कतारें। संवाद