100 बिस्तर वाले अस्पताल में सवा साल से रेडियोलॉजिस्ट का पद खाली
नालागढ़ अस्पताल में नहीं मिल रही अल्ट्रासाउंड की सुविधा, बाहर मंहगे दामों में करवाना मजबूरी
रोजाना दर्जनों लोग और गर्भवती महिलाओं के होते हैं अल्ट्रासाउंड
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। विकास खंड नालागढ़ की 69 पंचायतों का केंद्र बिंदू और 100 बिस्तर क्षमता वाले नालागढ़ अस्पताल में सवा साल से रेडियोलॉस्टि का पद रिक्त है। प्रतिदिन 800 से 900 की ओपीडी वाले इस अस्पताल में गर्भवती महिलाओं सहित अन्य अल्ट्रासाउंड करवाने वाले दर्जनों मरीज दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। अस्पताल में कभी दो रेडियोलॉजिस्ट थे लेकिन आज अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका हुआ है। रेडियोलॉजिस्ट के अभाव में यह कक्ष बंद ही पड़ा रहता है। अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले मरीजों में से कई मरीजों के अल्ट्रासाउंड करवाए जाते है, लेकिन अस्पताल में यह सुविधा मरीजों को नहीं मिल पा रही है। इससे मरीजों को निजी अस्पतालों व सेंटरों में अल्ट्रासाउंड करवाने को विवश होना पड़ रहा है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड बेशक बाहर करवा रहा है जिसका खर्च अस्पताल प्रशासन दे रहा है। लेकिन, अन्य मरीजों को बाहर का रुख करना पड़ता है जिससे या तो उन्हें निजी सेंटरों में जाना पड़ रहा है या पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़। वैसे तो नालागढ़ अस्पताल में कई विशेषज्ञ चिकित्सकों के महत्वपूर्ण पद खाली चल रहे हैं। बाल रोग, नेत्र रोग विशेषज्ञ के पद खाली हैं और बीते वर्ष अगस्त माह से रेडियोलॉजिस्ट का पद भी खाली है। पहले यहां दो रेडियोलॉजिस्ट थे जिसमें से एक रेडियोलॉजिस्ट की सेवानिवृत्ति जबकि दूसरे की प्रमोशन से स्थानांतरण हो गया। इसके बाद यह पद खाली चल रहा है।
नालागढ़ के विधायक लखविंदर राणा ने कहा कि यह मामला उन्होंने विधानसभा में उठाकर रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग उठाई है।
खंड चिकित्साधिकारी डॉ. केडी जस्सल ने कहा कि रिक्त पदों की सूचना समय-समय पर आला अधिकारियों को दी जाती है। गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड निशुल्क करवाए जा रहे हैं।
निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही नए चिकित्सकों की भर्ती होने जा रही है। इसमें नालागढ़ अस्पताल के लिए रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति हो जाएगी।