सोलन। तेज बारिश ने एक बार फिर पेयजल योजनाओं से लिफ्ट होने वाले पानी पर रोक लगा दी। नगर परिषद के अनुसार मुख्य पेयजल टैंकों तक सिर्फ छह लाख गैलन पानी वीरवार दोपहर तक मिला है। इसके बाद दोनों पेयजल योजनाओं से पानी की लिफ्टिंग को बंद करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि वीरवार सुबह से हुई तेज बारिश के कारण नदी में गाद आने से पानी लिफ्ट नहीं हो पाया।
पिछले कई दिनों से आईपीएच विभाग और नगर परिषद के बीच पानी को लेकर खींचतान चली हुई है। वहीं, शहर में पानी की समस्या विकराल रूप ले रही है। शहर में बरसात के मौसम में लोगों को पानी नसीब नहीं हो रहा है। कभी गाद के चलते पानी की लिफ्टिंग नहीं हो पा रही है तो कभी आईपीएच व कमेटी में आपसी तालमेल न होने से लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। वीरवार को आईपीएच विभाग को दोनों पेयजल योजनाओं को गाद के कारण बंद करना पड़ा। भारी बारिश के कारण नदी में ज्यादा गाद आने से विभाग पेयजल योजनाओं से पानी को लिफ्ट नहीं कर पाया। दोपहर तक कमेटी को केवल छह लाख गैलन ही पानी मिल पाया है।
शहर में और बढ़ सकता है पेयजल संकट
बारिश में आई गाद से पेयजल योजनाओं से कम पानी लिफ्ट होने से अब शहर में पानी की समस्या और अधिक बढ़ सकती है। अभी शहर में लोगों को पांचवें दिन पानी की सप्लाई मिल रही है। यदि बारिश का कहर ऐसे ही होता रहा तो विभाग को पानी लिफ्ट करने में परेशानी होगी।
नगर परिषद को छह लाख गैलन पानी : ठाकुर
नगर परिषद के अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने कहा कि दोपहर तक कमेटी को छह लाख गैलन पानी मिल पाया। इसके बाद दोनों योजनाओं से लिफ्टिंग बंद हो गई है।
गाद के चलते बंद करनी पड़ी लिफ्टिंग : सूद
आईपीएच विभाग के अधिशाषी अभियंता सुमित सूद ने कहा कि वीरवार को तेज बारिश के कारण नदी में गाद ज्यादा आ गई थी। इसके चलते दोनों योजनाओं से लिफ्टिंग को बंद करना पड़ा। पानी साफ होते ही लिफ्ट करना शुरू कर दिया जाएगा।