सोलन। परवाणू शहर में बढ़ते डेंगू के प्रकोप को लेकर अब केंद्र की स्वास्थ्य टीम भी परवाणू पहुंच गई है। स्वास्थ्य टीम की ओर से परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में डेंगू का जायजा लिया जा रहा है। परवाणू में अब तक डेंगू के करीब 50 मामले सामने आ चुके हैं। तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर हो गया है। बरसात के मौसम में मच्छरों से फैलने वाली इस बीमारी ने लोगों को परेशानी में डाल दिया है।
बताया जा रहा है कि अभी तक परवाणू और कालका को मिलाकर डेंगू के 73 मामले पहुंच चुके हैं। वहीं डेंगू के खिलाफ प्रशासन भी मुस्तैद होकर कार्रवाई कर रहा है। परवाणू में बढ़ते डेंगू के मामलों को लेकर अब केंद्र से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम परवाणू में पहुंच गई है। जिला सोलन के परवाणू क्षेत्र में डेंगू की बीमारी ने लोगों को बुुरी तरह से जकड़ लिया है। परवाणू अस्पताल में प्रतिदिन डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम परवाणू में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही है। साथ ही, डेंगू के फैलने और रोकथाम के लिए योजना बना रही है। इससे पहले प्रदेश के बिलासपुर में भी केंद्र से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम दौरा कर चुकी है। परवाणू के साथ ही कालका से भी कुछ मामले डेंगू के सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग और केंद्रीय टीम लोगों को डेंगू के बारे में जागरूक कर रही है। वहीं, प्रशासन ने छह टीमों का गठन परवाणू में किया है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी एनके गुप्ता ने बताया कि केंद्र से आई स्वास्थ्य टीम परवाणू में जायजा लेने पहुंची है। अभी तक 73 मामले डेंगू के आ चुके हैं जिसमें से 23 मामले कालका क्षेत्र के हैं। डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग औश्र प्रशासन पूरी तरह मुस्तैदी से प्रयास कर रहे हैं।
एक टीम दौरा कर चली गई वापस
परवाणू में बढ़ते डेंगू के मामले को लेकर केंद्र से आई एक टीम दौरा करके वापिस लौट गई है जबकि अभी एक दूसरी टीम परवाणू में डेंगू के बारे में अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही है। नगर परिष परवाणू कई क्षेत्रों में डेंगू रोकने के लिए फॉगिंग कर रही है।