अमर उजाला ब्यूरो
कुनिहार (सोलन)।
गणपति एजुकेशन सोसायटी कुनिहार के इग्नू केंद्र में कॉमन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधियों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इसमें इग्नू क्षेत्रीय केंद्र शिमला से डॉ. मोहन शर्मा, सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रोशन लाल शर्मा, समन्वयक इग्नू अध्ययन केंद्र 1185डी, अशोक चह्वाण, स्टेट हेड सर्विस इंडिया लिमिटेड सुनीता अरोड़ा, जिला प्रबंधक अनुपम, प्रदेश योजना प्रबंधक रीना ठाकुर, कृष्ण जिला समन्वयक व कॉमन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
डॉ. मोहन शर्मा ने कॉमन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधियों को इग्नू के कार्यक्रमों तथा सेवाओं की जानकारी दी। डॉ. शर्मा ने मुक्त शिक्षा प्रणाली के महत्व तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा से वंचित वर्गों में इस प्रणाली की सार्थकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कॉमन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधियों को ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पहुंच बढ़ानी चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। डॉ. रोशन लाल शर्मा समन्वयक इग्नू अध्ययन केंद्र कुनिहार ने इग्नू कार्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया से कॉमन सर्विस सेंटर के प्रतिनिधियों को अवगत करवाया। उन्हें इग्नू के शैक्षणिक कार्यक्रम को जनमानस में प्रचार प्रसार करने के लिए प्रेरित किया।
इन दिनों इग्नू में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। कॉमन सर्विस सेंटर से अभ्यर्थी ऑनलाइन प्रवेश ले सकते हैं। प्रवेश की अंतिम तिथि 31 दिसंबर है।