अमर उजाला ब्यूरो
कुनिहार (सोलन)।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय रूगड़ा में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा सुशील पुंडीर ने बतौर मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। प्रतियोगिता के संयोजक विद्यालय के अध्यापक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि इसका आयोजन डाईट सोलन के सहयोग से किया गया है। इसमें दस विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। पांच राऊंड में इसे करवाया गया। जिनमें परिभाषा, गणित के सूत्र व संकेत, दैनिक जीवन में गणित और गतिविधि आधारित प्रश्न मुख्य रूप से पूछे गए। बच्चों ने इस प्रतियोगिता का आनंद भी लिया और बहुत सी उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
डॉ. मंजुला ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन पूरे प्रदेश में होने चाहिए और डॉ. संजीव कुमार ने यह कार्य कर पूरे प्रदेश को एक नई दिशा प्रदान की है। प्रतियोगिता में राजकीय माध्यमिक विद्यालय रूगड़ा प्रथम, राजकीय माध्यमिक विद्यालय कनोड़ी द्वितीय व राजकीय उच्च विद्यालय हनुमान बड़ोग तृतीय स्थान प्राप्त किया। सुशील पुण्डीर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों की गणित में रूचि बढ़ेगी और गणित विषय में उनका डर भी समाप्त होगा।
इस मौके पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा (सेवानिवृत)जीवन शर्मा, राज्य पैडागोजी इन्चार्ज डॉ. मंजुला शर्मा, राज्य परियोजना कार्यालय शिमला अनुराधा शर्मा, स्थानीय पंचायत के प्रधान कमलेश शर्मा, बीडीसी सदस्य बेली राम, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुफ्टू नीलम गुप्ता, विद्यालय प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष योगेश शर्मा व विद्यालय के अध्यापक विशेष रूप से मौजूद रहे।