नालागढ़ (सोलन)। 23वीं राज्य स्तरीय अंडर-12 प्राथमिक खेलकूद प्रतियोगिता में दूसरे दिन के मुकाबलों में जिला सोलन की छात्र और छात्रा वर्ग की टीमों ने अपना दबदबा कायम रखा। दोनों ही वर्गों की टीमों ने मैच अपने नाम करके आगामी दौर में प्रवेश कर लिया है। दूसरे दिन विभिन्न प्रतियोगिताएं खेली गईं और इस प्रतियोगिता में 11 जिलों के करीब 1320 खिलाड़ी विद्यार्थी खूब पसीना बहा रहे हैं। खेलकूद प्रतियोगिता के अलावा सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होगी। कबड्डी छात्र वर्ग के हुए मुकाबलों में शिमला ने चंबा, मंडी ने कुल्लू, ऊना ने बिलासपुर, सोलन ने कांगड़ा को हराया। छात्रा वर्ग में चंबा ने बिलासपुर, मंडी ने हमीरपुर, सोलन ने किनौर को पटखनी दी। खो-खो छात्रा वर्ग में कुल्लू ने हमीरपुर, किन्नौर ने कांगड़ा, ऊना ने बिलासपुर को हराया, जबकि छात्र वर्ग में कुल्लू ने हमीरपुर, ऊना ने बिलासपुर, मंडी ने चंबा को शिकस्त दी। वॉलीबाल के छात्र वर्ग में हमीरपुर ने कुल्लू, कांगड़ा ने किन्नौर, ऊना ने चंबा को हराया जबकि छात्रा वर्ग में सिरमौर ने किन्नौर और ऊना ने चंबा को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
बैडमिंटन में कांगड़ा ने शिमला, बिलासपुर ने चंबा, कुल्लू ने किन्नौर, ऊना ने हमीरपुर को हराकर आगामी दौर में प्रवेश किया है। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रजनीश कौशिक, महासचिव नरेंद्र शर्मा ने बताया कि प्रदेशभर से आए खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में खूब दमखम दिखा रहे हैं। सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा राजेश कुमार ने कहा कि पांच दिवसीय इस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन 19 नवंबर को होगा। निदेशक एलीमेंटरी मनमोहन शर्मा इसमें बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत करेंगे।