धर्मपुर (सोलन)। डिग्री कॉलेज धर्मपुर में शनिवार को पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई। पहली मेरिट लिस्ट में बीकॉम में 80 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। बीकॉम की सीटें पूरी हो चुकी हैं। मेरिट लिस्ट में सबसे ऊपरी 89.6 प्रतिशत अंक और न्यूनतम 52.8 प्रतिशत मेरिट गई। इसी तरह आर्ट्स में भी 80 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
धर्मपुर महाविद्यालय में दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थी प्रवेश लेने के लिए पहुंच रहे हैं। प्रवेश प्रक्रिया के साथ ही कॉलेज में चहल-पहल लौट आई है। गौरतलब है कि कॉलेज में हुई परीक्षा के बाद छुट्टियों के चलते कॉलेज बेरौनक हो गया था लेकिन नए सत्र 2016-17 में विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया के साथ ही रौनक लौट आई है। कॉलेज में प्रवेश पाने के लिए जहां नए छात्र आए हैं, वहीं तृतीय और पांचवें सेमेस्टर में पुराने छात्रों ने भी प्रवेश लिया है।
जानकारी के अनुसार कॉलेजों में नए सत्र की शुरुआत के साथ धर्मपुर महाविद्यालय में नए विद्यार्थियों ने प्रवेश लेना शुरू कर दिया था। 15 विद्यार्थियों के साथ शुरू हुए धर्मपुर महाविद्यालय में इस सत्र में प्रवेश प्रक्रिया के बाद सभी सीटें भरने पर धर्मपुर महाविद्यालय में करीब 350 विद्यार्थी हो जाएंगे। दूसरी ओर इस सत्र में तय शेड्यूल के अनुसार कॉलेज में 16 जून से 23 जून तक विद्यार्थियों के फार्म जमा हुए ओर 24 जून को पहली मेरिट लिस्ट जारी हुई। अब 28 से 30 जून तक का समय फीस जमा करवाने के लिए मिलेगा। प्रधानाचार्य डिग्री कॉलेज धर्मपुर डॉ. ऊषा नेगी ने बताया कि शनिवार को शिक्षा विभाग के तय शेड्यूल के अनुसार मेरिट लिस्ट जारी की है।