सोलन के बाद अब नालागढ़ की प्लासी कलां पंचायत के किला प्लासी गांव में पीलिया फैल गया है। यहां पर 13 लोगों में पालिया के लक्षण पाए गए हैं। लोग नालागढ़ के सरकारी व निजी चिकित्सालय से उपचार करा रहे हैं, वहीं कुछ लोग झाड़ फूंक भी करा रहे हैं।
किला प्लासी के सतनाम सिंह ने बताया कि उसका दभोटा के एक निजी क्लीनिक से उपचार चल रहा है। उसके बाद उसने झाड़ फूंक भी कराया है। इसके अलावा अशोक राणा, रामलाल, हेमलता, विशाखा, सुरजन, किरणा देवी, विजय, नैंसी, नितिका, शिवानी, भावना, हंसराज में पीलिया पाया गया। इसमें अधिकांश रोगियों का नालागढ़ चिकित्सालय से उपचार चल रहा है।
सतानाम सिंह ने बताया गांव के आधे परिवारों में पीलिया फैला है। यहां जो पानी आ रहा है वह सही नहीं है। ट्यूबवैल से एक स्टोर टैंक में पानी एकत्रित किया जाता है लेकिन टैंक को आज तक साफ नहीं किया गया है। टैंक में किसी प्रकार की दवाई नहीं डाली जाती है। यहां पर पिछले डेढ़ माह से ही एक स्थानीय युवक पानी छोड़ने के लिए रखा है। उन्होंने बताया कि यहां पर दूषित पानी से यह रोग फैल रहा है।
उधर, नालागढ़ अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रमन व डॉ. अनुज ने बताया कि नालागढ़ में पीलिया के एक दर्जन रोगी आए हैं, जिनका उपचार चल रहा है। उन्हें दवाई देकर आराम के लिए घर भेेजा गया है। कुछ रोगियों की हालत में सुधार है। उन्होंने बताया कि शिमला, सोलन से भी उनके पास पीलिया के रोगी आए हैं।
उधर, सीएमओ डॉ. आरके दरोच ने बताया कि उनके पास ऐसी को कोई शिकायत नहीं आई है। अगर ऐसा हुआ है तो यहां पर शीघ्र ही चिकित्सकों की टीम को भेजा जाएगा तथा यहां पर पानी की भी जांच की जाएगी।