नालागढ़ (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में डेंगू के मरीजों की संख्या में दिनोंदिन इजाफा हो रहा है। यहां डेंगू का आंकड़ा 80 पार कर गया है। बीबीएन में नौ नए मरीज डेंगू पॉजीटिव पाए गए हैं। बद्दी में 40 टेस्टों में से नौ नए मरीज डेंगू के डिटेक्ट हुए हैं। बीबीएन में डेंगू की मरीजों की संख्या 82 पहुंच गई है जिसमें बद्दी में 65 और नालागढ़ में 17 मामले डिटेक्ट हो चुके हैं।
नालागढ़ और बद्दी अस्पतालों में एलीजा विधि से हो रहे टेस्टों में डेंगू के मामले प्रकाश में आ रहे है। बीते साल भी बीबीएन में कई मामले डेंगू के प्रकाश में आए थे। उससे पहले भी डेंगू ने बीबीएन में लोगों को अपना मरीज बनाया था जिसके लिए हेल्थ टीम ने बीबीएन का दौरा कर उपचार किया था। इस बार आठ टीमों के 40 सदस्य लोगों में जागरूकता लाने के लिए क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। डेंगू रोकथाम के लिए जहां टास्क फोर्स का गठन किया है, वहीं उपमंडल प्रशासन ने भी एक कमेटी का गठन किया है जो लोगों को डेंगू से बचने के लिए जागरूक कर रही है।
बीएमओ नालागढ़ डॉ. केडी जस्सल ने कहा कि स्वास्थ्य खंड नालागढ़ के तहत बद्दी क्षेत्र में नौ नए मरीज डेंगू पॉजीटिव पाए गए हैं। इनमें 82 मरीज डेंगू के डिटेक्ट हुए हैं। इनकी रिपोर्ट हर रोज उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।