घैंटी स्कूल को मिले 46 लाख से बने चार कमरे
चायल के तहत निर्मित कमरों विधानसभा अध्यक्ष ने किया लोकार्पण
कांग्रेसी विधायक को दूरगामी सोच के साथ विकास करवाने की नसीहत
अमर उजाला ब्यूरो
चायल (सोलन)। कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत झाजा के सीनियर सेकेंडरी स्कूल घैंटी में मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने 46 लाख की लागत से बने चार कमरों का लोकार्पण किया। सांय करीब चार बजे घैंटी पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि चायल और सोलन में कांग्रेस प्रतिनिधि विकास नहीं करवा पा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेसी विधायक को दूरदर्शी सोच अपनाकर विकास कार्य में तेजी लाने की सलाह दी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को शक्ति पहचानने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों में देश की विश्व स्तर पर अलग पहचान बनी है। उन्होंने पंचायत की सभी मांगों को सरकार के ध्यान में लाने और महिला मंडल भवन को तीन लाख रुपये, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 10 हजार और शिक्षा विभाग के माध्यम से स्कूल में खर्च होने वाली 21 लाख के कार्य की घोषणा की। इस मौके पर खादी बोर्ड के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गुलेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता, डॉ. राजेश कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष रविंद्र परिहार, कैलाश फेडरेशन अध्यक्ष रवि मेहता, मदन ठाकुर, धर्म सिंह, झाजा के प्रधान मान सिंह, एसडीएम कंडाघाट संजीव धीमान, बीडीओ बीआर वर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा विभाग पूनम सूद, स्कूल प्रधानाचार्य मदन लाल, स्टाफ व स्कूली बच्चे उपस्थित थे।