सोलन। ग्रेट खली रिटर्न्स शो को लेकर शनिवार को सुबह से ही शहर में चहल रही। सुरक्षा की दृष्टि से इस दौरान पुलिस ने कई जगहों पर पुलिस कर्म्ियों को तैनात किया था। एनएच पर पुलिस कि ज्यादा पहरेदारी देखने को मिली। एनएच पर जाम रोकने के लिए भी ट्रैफिक पुलिस के जवान सड़कों पर मौजूद रहे। शनिवार को खली के रेस्लिंग शो को देखने के लिए काफी लोग सोलन पहुंचे।
शहर में किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस भी मुस्तैद रही। चंबाघाट, कोटलाना, बाईपास पर पुलिस कर्मियों ने सभी लोगों पर अपनी नजर रखी। खली के शो के लिए पुलिस ने करीब 200 से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया था। सोलन पुलिस लाइन में शो को देखने के लिए साथ लगते राज्यों से भी लोग पहुंचे। शनिवार को एनएच पर वाहनों की संख्या काफी अधिक देखने को मिली। यातायात को सुचारु रखने के लिए एनएच पर ट्रैफिक पुलिस ने पेट्रोलिंग की।
रबौण, सब्जी मंडी और ठोडो ग्राउंड में पार्किंग
ग्रेट खली के शो को लेकर पहले ही पुलिस ने ट्रैफिक प्लान तय कर लिया था। शनिवार को चंडीगढ़ से आने वाले वाहनों को रबौण के पास रोका गया। शिमला से आने वाले वाहन के लिए सब्जी मंडी के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई। राजगढ़ से आने वाले वाहनों को ठोडो ग्राउंड में पार्क किया गया। सभी दर्शकों को शो देखने के लिए पैदल ही मैदान में पहुंचना पड़ा।
अव्यवस्था पर रखी नजर : एसपी
पुलिस अधीक्षक मधुसूदन शर्मा ने कहा कि शो को लेकर पुलिस ने कर्मचारियों को जगह-जगह तैनात किया गया है। शहर में कोई भी अव्यवस्था न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। यातायात को भी सुचारु रूप से चलाया जा रहा है।