अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)।
परवाणू के दो बच्चों पर डीडी पंजाबी डाक्यूमेंट्री बनाएगा। इसके लिए टीम परवाणू पहुंच चुकी है। दोनों बच्चे डीडी पंजाबी के टैलेंट शो किस में कितना है दम के फाइनलिस्ट हैं। अक्तूबर में दोनों बच्चों अनमोल रोधियाल और साक्षी कोछड़ ने अपनी कला का बेहतर नमूना पेश करते हुए सेमीफाइनल जीता है।
डाक्यूमेंट्री को फिनाले में दिखाया जाएगा जिसका भी शीघ्र ही आयोजन किया जाएगा। दोनों बच्चे डीएवी परवाणू के छात्र हैं। अनमोल तीसरी और साक्षी आठवीं की छात्रा हैं। अनमोल ने जहां अपनी आवाज का जादू बिखेरा वहीं साक्षी ने डांस कर सबको मंत्रमुग्ध कर सेमीफाइनल पर कब्जा किया।
जल्द ही डीडी पंजाबी द्वारा प्री फिनाले करवाया जाएगा। इसमें परफोर्म करने के बाद उन्हें फाइनल में मौका मिलेगा। साधारण परिवार से होने के बावजूद बच्चों ने अपनी मेहनत और लगन से छोटी उम्र में ही ख्याति प्राप्त कर परवाणू का नाम रोशन किया है। डीएवी स्कूल परवाणू के अध्यापकों ने बच्चों के परिवार को बधाई दी।
....
बचपन से था गाने का शौक
अनमोल को बचपन से ही गाने का शौक था और वह स्कूल और घर में छोटे बड़े फंक्शन में गाने की जिद्द करता था। बेटे की लगन को देख परिवार ने संगीत की शिक्षा दिलाई। गाने के हुनर को देखते हुए डीडी पंजाबी के एक टैलेंट शो किस में कितना है दम में ऑडिशन दिया जिसमें उसे चुन लिया गया।